विपक्षी गठबंधन इंडिया की मुंबई बैठक में शामिल होंगे 80 बड़े नेता: संगठन पर बनेगी रणनीति, कई को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

  • 31 अगस्त से 1 सितंबर तक मुंबई में होनी है बैठक; उद्धव और शरद करेंगे मेजबानी, संयोजक पर होगा फैसला

मुम्बई। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की मुम्बई में होने वाली बैठक में देश के 5 मुख्यमंत्रियों के साथ 26 राजनीतिक दलों के 80 नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को होगी। वहीं मुम्बई के ग्रैंड हयात होटल में होने वाली इस बैठक को अंतिम रूप देने के लिए शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार सहित महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के वरिष्ठ नेता और कुछ कांग्रेस नेता बुधवार को ग्रैंड हयात होटल में मिलेंगे। इंडिया की मुम्बई बैठक के दौरान विपक्षी इंडिया के लोगो का अनावरण होने की संभावना है। एमवीए नेताओं ने कहा कि बैठक के एजेंडे को दिल्ली में अंतिम रूप दिया जाएगा। वहीं न्यूनतम साझा कार्यक्रम (सीएमपी) का मसौदा तैयार करने और इंडिया गठबंधन के लिए संयोजक नियुक्त करने पर भी चर्चा होने की संभावना है। पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित इंडिया के अधिकांश नेताओं के 31 अगस्त को शाम 6 बजे से पहले मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। विपक्षी दलों ने 2024 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए को चुनौती देने के लिए भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन यानी इंडिया का गठन किया है। बेंगलुरु में हुई पिछली बैठक में 26 दलों के नेता शामिल हुए है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर देश के भर विपक्षी दलों का पहला महाजुटान पटना में हुआ था। वहीं दूसरी बैठक बेंगलुरु और तीसरी बैठक अब मुम्बई में हो रही है। वही मुम्बई में उद्धव ठाकरे 31 अगस्त को कार्यक्रम स्थल पर आने वाले गणमान्य व्यक्तियों के लिए रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे और कांग्रेस अगले दिन दोपहर के भोजन के लिए नेताओं की मेजबानी करेगी। वहीं एनसीपी से गणमान्य व्यक्तियों के स्वागत का आयोजन करने की उम्मीद है। इस बीच एक दिन पहले ही सांसद सुप्रिया सुले, अनिल देसाई, विधायक वर्षा गायकवाड़, महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे और संजय निरुपम सहित एमवीए नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करने के लिए मुम्बई पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर से मुलाकात की।

You may have missed