मोतिहारी दहेज में 5 लाख रुपये नहीं देने पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या, परिवार पर FIR दर्ज

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में दहेज में पांच लाख रुपये नहीं देने पर विवाहिता प्रियंका कुमारी (22) की हाथ बांध गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए ले जाने के दौरान पकड़ीदयाल रोड में मिशन चौक पर कार में ही शव को छोड़ ससुराल वाले फरार हो गये। घटना मुफस्सिल थाने के मधुबनीघाट गांव की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वही घटना पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि मामले में विवाहिता के पिता घोड़ासहन के महुआही मुर्सीदाबाद के अमरेश कुमार पंडित ने हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें पति विवेक कुमार के अलावा संजीव कुमार, ससुर चतुरी पंडित, सास कुंती देवी, गोतनी रेणु देवी, सुमन कुमार, गायत्री देवी व मुनचुन पंडित को नामद किया है। पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद अन्य आरोपित घर छोड़ फरार हैं। एफआईआर में पिता ने कहा कि 15 दिसम्बर 2020 को उन्होंने अपनी बेटी प्रियंका की शादी मुफस्सिल थाने के मधुबनीघाट निवासी इंजीनियर विवेक कुमार के साथ की थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग की जाने लगी। इसके लिए प्रियंका को प्रताड़ित किया जाने लगा।

प्रताड़ना की शिकायत करने पर पिता ने कई बार पंचायती भी करायी, लेकिन ससुराल वाले दहेज की मांग पर अड़े रहे। पांच फरवरी की आधी रात उन्हें जानकारी मिली कि तो वह बेटी की ससुराल मधुबनीघाट गये। वहां जानकारी मिली कि ससुराल वाले हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने गए हैं। वह उन्हें खोजते हुए थाने जा रहे थे कि मिशन चौक पर लावारिस हालत में खड़ी कार में शव रखा मिला। शव को देख उन्होंने पहचान की और पुलिस को सूचना दी। विवाहिता का हाथ बंधा हुआ था। गर्दन में गहरे निशान थे। वही सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के समय मायके से काफी लोग पहुंचे थे। विवाहिता के भाई राहुल का कहना है कि सुसराल वालों के कहने पर मुंहमांगा उपहार दिया गया था। नई कार से विदाई की गई थी, फिर भी हत्या कर दी गई।