February 11, 2026

PATNA : विवाहित महिला गंगा में हुई लापता, महिलाओं के साथ आयी थी स्नान करने, तलाश जारी

फतुहा। गुरुवार को पटना के नदी थाना क्षेत्र के कच्ची दरगाह स्थित घाट पर गंगा स्नान कर रहे लोगों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गंगा स्नान कर रही एक 25 वर्षीय महिला असंतुलित होकर गंगा के तेज धार में बहने लगी। कुछ दूर तक बहने के बाद वह गंगा में लापता हो गई। गंगा स्नान कर रहे लोगों ने उसे पकड़ने का काफी प्रयास भी किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इधर, जानकारी होते ही नदी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को गंगा में महिला की तलाशी के लिए लगाया। खबर लिखे जाने तक उसकी तलाश जारी थी। महिला की पहचान सुकुलपुर गांव निवासी श्याम सिंह की पुत्री सुमन कुमारी के रुप में हुई है।
बताया जाता है कि महिला अपने गांव के ही आठ-दस महिलाओं के साथ गंगा स्नान के लिए कच्ची दरगाह घाट पहुंची थी। स्नान के दौरान वह असंतुलित हो गई और गंगा में बह गयी। गंगा में डूबी महिला की शादी तीन साल पहले ही गौरीचक थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव में हुई थी। महिला का एक दस माह का अबोध बच्चा भी है, जिसे घर पर ही छोड़कर गंगा स्नान करने कच्ची दरगाह आयी थी।

You may have missed