गौरीचक क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 लीटर देशी शराब और 1000 लीटर अर्धनिर्मित शराब नष्ट
- कई गांवों में विशेष छापेमारी अभियान, अवैध शराब बनाने की भट्ठियां भी ध्वस्त
- गुप्त सूचना पर कार्रवाई, पुलिस पहुंचते ही शराब कारोबार से जुड़े लोग फरार
फुलवारीशरीफ, (अजीत)। जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हाल ही में पदभार ग्रहण करने वाली प्रशिक्षणाधीन भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी एवं गौरीचक थाना अध्यक्ष सुषमा सागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई गांवों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब और अर्धनिर्मित शराब बरामद कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गौरीचक थाना क्षेत्र के कुछ गांवों में चोरी-छिपे देशी शराब का निर्माण और कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुस्तफापुर, उड़ान टोला, छोटी सपहुंआ और खैरा गांव में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस टीम के गांवों में पहुंचते ही शराब बनाने और उसके कारोबार में लगे कई लोग मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध स्थानों की गहन तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान कई ऐसे स्थानों का पता चला जहां नाला, पोखर और पाइन के किनारे छिपाकर अवैध देशी शराब तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 65 लीटर अवैध देशी चुलाई शराब बरामद की। इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग 1000 लीटर अर्धनिर्मित शराब, जिसे स्थानीय भाषा में छोवा कहा जाता है, भी मिला। पुलिस ने इस अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया ताकि इसका इस्तेमाल आगे शराब बनाने में न हो सके। कार्रवाई के दौरान पुलिस को कई स्थानों पर अवैध शराब बनाने के लिए बनाई गई भट्ठियां भी मिलीं। पुलिस टीम ने इन भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि इन भट्ठियों को नष्ट करने का उद्देश्य यह है कि भविष्य में इन स्थानों पर दोबारा शराब बनाने का अवैध काम शुरू न हो सके। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सख्ती के कारण अवैध शराब कारोबारियों पर दबाव बढ़ा है और लगातार छापेमारी से ऐसे कारोबार पर रोक लगाने में मदद मिल रही है। इस संबंध में गौरीचक थाना में अज्ञात शराब तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा रही है ताकि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। थाना अध्यक्ष सुषमा सागर ने बताया कि राज्य में लागू शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह की कार्रवाइयों से न केवल अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगेगा, बल्कि समाज में कानून के प्रति लोगों की जागरूकता भी बढ़ेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


