महावीर कैंसर संस्थान : दो-तीन महीने में शुरू हो जायेगा बोन मैरो ट्रांसप्लांट
वात्सल्य में होगी बच्चों के हृदय का मुफ्त आपरेशन: कुणाल

फुलवारी शरीफ। बिहार सरकार के प्रधान सचिव स्वास्थ्य विभाग संजय कुमार ने कहा है कि पटना का महावीर कैंसर संस्थान विगत 21 वर्षो में जिस ऊंचाई पर पहुंचा है वह काबिले तरीफ है। इस ऊंचाई पर पहुंचने के लिए जो लगन, परिश्रम और प्रतिबद्धता की जरूरत होती है वह सभी इस संस्थान में है। श्री कुमार ने कहा देश में लगभग 30 लाख कैंसर के रोगी हैं। उनमें से 20 लाख रोगियों का इलाज हो पाता है। राज्य सरकार की कोशिश है कि राज्य में कैंसर चिकित्सा की बेहतर से बेहतर व्यवस्था की जाये। मुजफ्फरपुर में एक कैंसर सेंटर जल्द शुरू होने वाला है। महावीर कैंसर संस्थान को सरकार हर संभव सहायता करने को तत्त्पर रहता है। हॉस्पिटल बनाने की बात है तो बिहार सरकार उसमें भी यथासंभव मदद करेगी। श्री कुमार संस्थान के 21वें स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि पद से संबोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के संस्थापक एवं महावीर मन्दिर ट्रस्ट के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने कहा कि ट्रस्ट के अधीन चल रहे महावीर वात्सल्य अस्पताल में हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की चिकित्सा नि:शुल्क तो होती है यदि किसी बच्चे के हृदय में छेद है तो उसकी शल्य चिकित्सा भी मुफ्त की जा रही है और उस कार्य में भी मुख्यमंत्री भी सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी 18 वर्ष तक के कैंसर पीड़ित बच्चों की मुफ्त चिकित्सा की जा रही है, आगे 25 वर्ष, 30 वर्ष और 35 आयु के रोगियों की मुफ्त चिकित्सा की जा सके, वे उसके प्रबंध में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस संस्थान को आधुनिक से अत्याधुनिक बनाने में महावीर मंदिर ट्रस्ट कभी पीछे नहीं रहेगा। विशिष्ट अतिथि पद से बोलते हुए पटना एम्स के निेदेशक डॉ. पीके सिंह ने कहा कि महावीर कैंसर संस्थान के सभी कर्मी बधाई के पात्र हैं जो इतने कम समय में इस संस्थान को 21 वर्ष का जवान बना दिया है। गरीब कैंसर रोगियों का एक छत के नीचे संपूर्ण इलाज करने के क्षेत्र में यह एक मानक है। आरंभ में स्वागत भाषण करते हुए संस्थान के निदेशक डॉ. विश्वजीत सन्याल ने विगत एक वर्ष की रिपोर्ट पेश की और देश के लब्ध प्रतिष्ठित चिकित्सकों के इस अस्पताल से जुड़ने पर खुशी जाहिर की। समारोह का संचालन करते हुए संस्थान के अधीक्षक डॉ. एलबी सिंह ने कहा कि इस संस्थान में कैंसर चिकित्सा के सभी उपकरण उपलब्ध हैं और उनका इस्तेमाल भी हो रहा है, जिसका लाभ मरीजों को मिल रहा है। एकमात्र बोन मैरो ट्रांसप्लांट अभी नहीं हो रहा है। उसके भी सारे उपकरण आ गये हैं। अगले दो-तीन महीनों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट की भी सुविधा मिलनी शुरू हो जायेगी। समारोह को एसोसियेट निदेशक डॉ. मनीषा सिंह ने भी संबोधित किया और संस्थान के सभी विभागों के कार्यो की व्याख्या की। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विनीता त्रिवेदी ने की।

