PATNA : माले ने मनाया शहीद कार्यकर्ताओं का 16वां शहादत दिवस, शहीद जगदेव प्रसाद के स्मारक का शिलान्यास
पालीगंज। मंगलवार को पटना जिला के पालीगंज प्रखंड क्षेत्र के पतौना गांव के अलावे स्थानीय माले कार्यालय में पांच शहीद कार्यकर्ताओं का 16वां शहादत दिवस मनाया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पतौना गांव में माले के शहीद कार्यकर्ता जगदेव प्रसाद का 16वां शहादत दिवस मनाया गया, जबकि माले कार्यालय में जगदेव प्रसाद, राजेश्वर मोची, शिवदनी यादव, मनदीप गोस्वामी व बालेश्वर मांझी का शहादत दिवस मनाया गया।


मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद अखिल भारतीय किसान महासभा के नेता डॉ. श्यामनन्दन शर्मा ने बताया कि 18 अगस्त 2004 को उग्रवादियों द्वारा पालीगंज स्थित माले कार्यालय में रात्रि के समय दुल्हिन बाजार के प्रखंड प्रमुख राजेश्वर मोची, पतौना गांव निवासी सह वरिष्ठ माले नेता जगदेव प्रसाद, कोदहरी गांव निवासी शिवदनी यादव, जरखा पंचायत के मुखिया मनदीप गोस्वामी, तोरणी गांव निवासी बालेश्वर मांझी की हत्या कर दिया गया था। डॉ. शर्मा ने कहा कि आज साथियों को आजादी की दूसरी लड़ाई के लिए तैयार रहने की आवश्यकता है। नीतीश कुमार की जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना है। यही शहीदों की यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉ. कृष्णनंदन कुमार ने की।
इस अवसर पर शहीद जगदेव प्रसाद के स्मारक का शिलान्यास डॉ. श्यामनन्दन शर्मा, जगदेव प्रसाद की पत्नी शकुंतला देवी व पिता गौरी प्रसाद द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। मौके पर माले नेता रामाश्रय यादव, गोरख प्रसाद, सहित अन्य लोग मौजूद थे।

