नीतीश को राजद व तेजस्वी से कोई प्रेम नहीं : पीके ने किया बड़ा दवा, बोले- महागठबंधन में बने रहने के दो बड़ें कारण
पटना। जन सुराज के सूत्रधार व जानेमाने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने राजद सांसद अशफाक करीम के ठिकानों पर IT की रेड पर पीके ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने CM नीतीश को चुनौती देते हुये कहा कि दम है तो ये कह दें कि लालू-तेजस्वी के लोग भ्रष्टाचार में शामिल नहीं है। ये सिर्फ राजनीतिक प्रतिशोध है। जिसके तहत उनको परेशान किया जा रहा है। हम लोग मान लेंगे कि राजद वालों पर जो कार्रवाई हुई है वो गलत है या वो भ्रष्टाचार में शामिल नहीं है। पीके ने आगे कहा की नीतीश को साफगोई से ये कहना चाहिए कि ये हमारे सहयोगी हैं और इन पर भ्रष्टाचार के जो सारे आरोप हैं, वो निराधार हैं। अगर वो ये लाइन नहीं कह रहे हैं, तो अपने आप आपको पता है वो क्या कह रहे हैं? पीके ने आगे कहा कि राजद के लोग जैसे चिल्ला-चिल्लाकर कह रहे हैं कि हम लोग बिल्कुल भ्रष्टाचार में शामिल नहीं हैं, तो नीतीश कुमार को भी ये कहना चाहिए। नीतीश कुमार जो खुद नहीं कह रहे हैं, वो ये बताता है कि वो अंदर से क्या सोचते हैं। पीके ने कहा कि नीतीश कुमार को राजद व तेजस्वी यादव से कोई प्रेम नहीं है। आज महागठबंधन में हैं, उसके दो कारण हैं। अगर 2024 में भजपा जीतकर आएगी, तो सबसे पहले इनको हटाएगी व अपना मुख्यमंत्री बनाएगी। इसलिए भाजपा हटाए उससे पहले महागठबंधन बना लें, जिससे कि 2025 नवंबर तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। दूसरी सोच उनकी ये है कि 2025 के बाद उनको मुख्यमंत्री बनना नहीं है। ऐसे में हमारे बाद ऐसी सरकार रहे कि जो आज से भी बदतर हो। जिससे कि लोग कहें कि कुछ भी कहिए कि नीतीश कुमार की सरकार इससे तो ठीक थी। पीके ने कहा कि नीतीश कुमार से कोई ये कहलवा दें कि लालू यादव व तेजस्वी यादव के सहयोगी भ्रष्टाचार में शामिल नहीं हैं। वो ये कह ही नहीं सकते हैं। सरकार इनको परेशान कर रही है, क्योंकि ये महागठबंधन में शामिल हैं। नीतीश कुमार दूसरी बात बोल रहे हैं। अरे भाई, ये कहने से आपको कौन रोक रहा है, ED, CBI तो नहीं रोक रही है उनको।


