लोजपा की है 145 सीटों पर पूरी तैयारी,एनडीए से अलग होकर लड़ने की पूरी संभावना
पटना/नई दिल्ली।आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार राजग में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं है।लोजपा के द्वारा भाजपा की तरफ से ऑफर किए गए सीटों की संख्या मंजूर नहीं की जा रही है।बताया जा रहा है कि लोजपा पूरे प्रदेश से 145 सीटों पर चुनाव लड़ने के मूड में है।भाजपा ने लोजपा को 30 सीटों का अंतिम ऑफर दिया था।जिसे लोजपा का शीर्ष नेतृत्व स्वीकार नहीं कर रहा है। इस संदर्भ में पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष विधायक राजू तिवारी ने बताया कि लोजपा को कमजोर पार्टी समझने की भूल नहीं की जाए।उन्होंने कहा कि लोजपा अपने दम पर बिहार में 145 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुकी है।शीर्ष नेतृत्व के द्वारा झंडी मिलने के बाद लोजपा विधानसभा चुनाव में 145 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े कर सकती है। बताया जाता है कि भाजपा के द्वारा कम सीटों के ऑफर दिए जाने के बाद लोजपा आगामी रणनीति बनाने में जुटी हुई है।नई दिल्ली में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी की शीर्ष टीम के द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है।पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष विधायक राजू तिवारी ने बताया है कि बिहार में लोजपा का अपना मजबूत जनाधार है।ऐसे में भला पार्टी राजग में रहते हुए अपनी उपेक्षा क्यों बर्दाश्त करें।आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार के राजनैतिक परिदृश्य में लोजपा का जनाधार बहुत महत्व रखता है।अगर लोजपा सूबे के 145 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़ा करती है।तो विधानसभा चुनाव के परिणाम पर इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा।बहरहाल राजनीति गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो चुकी है कि लोजपा अब कुछ समय के लिए ही राजग का हिस्सा है।किसी भी समय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व बिहार में अलग से चुनाव लड़ने का ऐलान कर देगा।


