सरकार अविलंब पूरे बिहार में लॉकडाउन लगाए : डॉ. श्यामनन्दन
पालीगंज। कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार पूरे बिहार में अविलंब 15 दिनों का लॉकडाउन लगाए। उक्त मांग एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पालीगंज अनुमंडल अध्यक्ष डॉ. श्यामनन्दन शर्मा ने किया है।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से डॉ. श्यामनन्दन शर्मा ने बिहार सरकार से अपील करते हुए कहा कि बिहार में कोरोना का सामाजिक संक्रमण हो चुका है। स्थिति विस्फोटक व अनियंत्रित हो रहा है। बिहार में करीब 32 चिकित्सक कोरोना से लड़ते हुए अपनी जान गवां चुके हैं। अभी भी भारी संख्या ने चिकित्सक एवं चिकित्साकर्मी संक्रमित हैं। डॉक्टर भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। बहुत से निजी डॉक्टर अपनी अस्पताल व क्लिनिक बंद कर चुके हैं। सरकारी अस्पतालों में भी मरीजों को पर्याप्त इलाज नहीं मिल पा रहा है। ऐसी स्थिति में अन्य बीमारी से ग्रसित लोग भी उचित इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हंै। कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए एक मात्र विकल्प लॉकडाउन ही है। यदि पूरे बिहार में लॉक डाउन नहीं लगाया गया तो स्थिति भयावह होती जाएगी तथा कोरोना को नियंत्रण कर पाना मुश्किल हो जाएगा। वहीं इस विकट परिस्थिति व संकट से लोगों को बचाने के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पालीगंज अनुमंडल अध्यक्ष डॉ. श्यामनन्दन शर्मा ने बिहार सरकार से पूरे राज्य में अविलंब 15 दिनों का लॉकडाउन लगाने का मांग किया है।


