February 11, 2026

LJP का ‘बंगला’ चुनाव आयोग ने किया फ्रीज, नए नाम और निशान पर लड़ना होगा चुनाव

पटना। रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी पर कब्जे की लड़ाई में केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस को चुनाव आयोग से बड़ा झटका लगा है। चुनाव आयोग ने लोजपा के चुनाव चिह्न बंगला को फ्रीज कर दिया है। यह चुनाव चिह्न फिलहाल पशुपति पारस या चिराग पासवान किसी गुट को नहीं मिलेगा। बता दें दोनों ओर से इसके लिए दावे किये गए थे।
चुनाव आयोग का कहना है कि पशुपति पारस या चिराग दोनों गुटों में से किसी को भी लोजपा के प्रतीक का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। दोनों गुट अंतरिम उपाय के रूप में नए नाम और चुनाव चिह्न अपने उम्मीदवारों को आवंटित कर सकते हैं।
पशुपति पारस ने लोकसभा में खुद को संसदीय दल का नेता घोषित कराने के बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन कर खुद को अध्यक्ष भी घोषित किया हुआ है। बावजूद इसके चुनाव आयोग से लोजपा का नाम और चुनाव चिह्न नहीं मिलना उनके लिए बड़ा झटका के तौर पर देखा जा रहा है। चुनाव आयोग में सबसे पहले पारस की तरफ से ही नाम और चिह्न पर दावा किया गया था। पशुपति पारस गुट की तरफ से किए गए तमाम फैसलों की जानकारी चुनाव आयोग को दी गई थी।
बताते चलें लोजपा में विवाद के बाद पारस से पहले चिराग पासवान चुनाव आयोग पहुंचे थे। उन्होंने आयोग से कहा था कि अगर किसी की तरफ से लोजपा पर दावा किया जाता है तो उसे प्रथम दृष्टया खारिज किया जाए।

You may have missed