September 18, 2025

शादी की खुशी में शराब पार्टी करना पड़ा महंगा : सिविल इंजीनियर और उसका दोस्त गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पटना। शादी की खुशी में शराब पार्टी करना सिविल इंजीनियर और उसके दोस्त को भारी पड़ गया। बुधवार की देर रात पार्टी करके लौट रहे एक सिविल इंजीनियर और उसके दोस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला पत्रकार नगर थाना का है। सिविल इंजीनियर का नाम देवांशु राज उर्फ विकास है। ये पटना के इंदिरा नगर का रहने वाला है। जबकि उसका दोस्त का नाम राकेश कुमार है, जो खगड़िया जिले के धुतौली गांव का रहने वाला है।
मिली जानकारी के मुताबिक पत्रकार नगर के थानेदार मनोरंजन भारती अपनी टीम के साथ बुधवार की देर रात 90 फीट इलाके के पास पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान सिविल इंजीनियर देवांशू राज और उसके दोस्त राकेश कुमार पर नजर पड़ी। एक गाड़ी इन दोनों को छोड़कर वहां से निकली ही थी। जिसके बाद दोनों पैदल घर की तरफ जा रहे थे। उन्हें लड़खड़ाते देख पुलिस ने दोनों को रोका। पुलिस को शराब के नशे में होने का शक हुआ। दोनों नशे की हालत में इस कदर थे कि चल भी नहीं पा रहे थे। टेस्ट में रिजल्ट पॉजिटिव आया। फिर दोनों को अपने हिरासत में ले लिया। पुलिस की गाड़ी में बैठने को लेकर काफी ड्रामा और झगड़ा किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को पुलिस अपनी गाड़ी में बैठा पाई। सुबह जब नशा उतरा तो एक-एक कर दोनों से पूछताछ की गई। गुरुवार को एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया और वहां से जेल भेज दिया।
थानेदार के अनुसार, गिरफ्तार सिविल इंजीनियर से पूछताछ में पता चला है कि 4 दिन पहले ही 11 दिसंबर को उसकी शादी हुई थी। उसी खुशी में दोस्त के साथ पार्टी करके वह देर रात लौट रहा था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार देवांशू ने भोपाल के एनआरआई कॉलेज से इंजीनियरिंग किया है। वह वर्तमान में समस्तीपुर के जीएमसीएच में साइट इंजीनियर के रूप में काम कर रहा है।

You may have missed