बांका में शराब माफियाओं ने दिया बड़ी घटना को अंजाम, चौकीदार मैनेजर की गला दाबकर की हत्या
बांका, बिहार। बांका के टाउन थाना के चौकीदार मैनेजर मोदी (50) की हत्या शराब माफियाओं ने गुरुवार देर रात कर दी। हत्या के बाद हत्यारों ने चौकीदार के शव को गांव के पास ही नहर के पास फेंक दिया। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने चौकीदार का शव बरामद किया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि चौकीदार मैनेजर मांझी गुरुवार की शाम घर से निकला था तथा वह घर लौट कर नहीं आया। शुक्रवार की सुबह नहर किनारे उसका शव बरामद हुआ। हत्यारों ने उसकी गला दबाकर हत्या की है, तथा उसके शरीर पर कपड़ा भी नहीं था। मात्र एक पैंट पहने हुए शव बरामद हुआ है।

इस संबंध में एसडीपीओ दिनेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यह खुलासा होगा कि आखिर उसकी हत्या कैसे की गई है। इधर ग्रामीणों का कहना है कि मैनेजर मांझी के द्वारा हाल के दिनों में कई शराब माफियाओं को पुलिस को सूचना देकर गिरफ्तार करवाया गया था। तथा उसे लगातार शराब माफियाओं की धमकी भी मिलती थी। शराब माफियाओं ने ही मैनेजर की हत्या की है।

