बिहार के सात जिलों में हल्की वर्षा का पूर्वानुमान, राज्य से दो दिनों में होगी मानसून की विदाई

पटना। प्रदेश से मानसून की विदाई की स्थितियां बन रही हैं। अगले दो से तीन दिन के दौरान बिहार-झारखंड के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई हो सकती है। वहीं, पछुआ के प्रवाह से मौसम में बदलाव की आहट मिलने लगी है। मानसून की विदाई के बाद अक्टूबर मध्य तक सुबह और शाम आंशिक सिहरन की स्थिति बनने लगेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को सात जिलों के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार जिलों के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। इसके अलावा, पटना समेत शेष भागों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने के साथ दोपहर बाद मौसम शुष्क बना रहेगा। बीते 24 घंटों के दौरान किशनगंज, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, सहरसा, मधुबनी, शिवहर में हल्की वर्षा दर्ज की गई जबकि, शेष भाग शुष्क बना रहा। किशनगंज (बहादुरगंज) में 48.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, सुपौल के बीरपुर में 30.0 मिमी, अररिया के जोकिहाट में 12.8 मिमी, पूर्णिया में 7.4 मिमी, शिवहर में 2.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, उत्तर बिहार में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के द्वारा अगले 15 अक्टूबर तक के लिए जारी मौसम पूवार्नुमान में कहा गया कि पूवार्नुमानित अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में मौसम के आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि पूवार्नुमानित अवधि में सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 75 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 45 से 55 प्रतिशत रहने की संभावना है। औसतन 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना है।

You may have missed