October 28, 2025

जातीय गणना को आधार मानकर अब मुख्यमंत्री पद छोड़ें नीतीश कुमार, अतिपिछड़ा समाज से बनाये सीएम : चिराग पासवान

  • चिराग बोले, बिहार में बने दो डिप्टी सीएम: एससी और मुसलमान वर्ग को संख्या के आधार पर मिले मौका

पटना। लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने गुरुवार को एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफा की मांग कर दी है। उन्होंने कहा कि जातीय गणना का आंकड़ा नीतीश कुमार के लिए एक आईना है। यह उन्हें देखना चाहिए कि उन्होंने पिछले 18 वर्षों में बिहार के लिए क्या किया है। आंकड़े के अनुसार प्रदेश में अति पिछड़ा वर्ग की आबादी लगभग 36 प्रतिशत है, लेकिन इस वर्ग से कोई भी मुख्यमंत्री नहीं है। दो और ढाई प्रतिशत वाले मुख्यमंत्री बने बैठे हैं। इतनी बड़ी आबादी को अपने से अछूत कर रखा है। उन्होंने आगे कहा कि अगर सही में मुख्यमंत्री इस जातीय गणना का लाभ बिहार को देना चाहते हैं, तो अभी अपने पद से इस्तीफा दे दें। अति पिछड़ा वर्ग से किसी को मुख्यमंत्री बनाएं या फिर दो डिप्टी सीएम बनाए। चिराग ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री ऐसा नहीं कर सकते हैं, तो तत्काल प्रभाव से उपमुख्यमंत्री इन तमाम जातियां से तो आना ही चाहिए। मुसलमान की इतनी बड़ी संख्या है, तो क्या एक उपमुख्यमंत्री मुसलमान से नहीं बन सकता है। दूसरा डिप्टी सीएम किसी अति पिछड़े वर्ग से बनाना चाहिए। यह लोग बीजेपी को गाली देते हैं, लेकिन उनके समय में तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी डिप्टी सीएम थे। दोनों अति पिछड़े वर्ग से आते थे। अगर इस देश में एक अनुसूचित जनजाति की महिला राष्ट्रपति हो सकती हैं, तो फिर उप मुख्यमंत्री क्यों नहीं। इससे पहले कल बुधवार को जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने नीतीश कुमार से तीन डिप्टी सीएम बनाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था की प्रदेश में हर समाज का एक प्रतिनिधि होना चाहिए, जो उच्च स्तर पर उनकी बातों और अधिकारों की लड़ाई लड़ सके। जातीय गणना की रिपोर्ट आने के बाद बिहार में साफ है कि अत्यंत पिछड़ी, उच्च और अल्पसंख्यक समाज से एक डिप्टी सीएम होना ही चाहिए। चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री से कहा है कि जातीय जनगणना के हिसाब से उन्हें मंत्रिमंडल विस्तार दुबारा से करना चाहिए। वहीं हाजीपुर सीट को लेकर सवाल पर बोले कि बात बहुत आगे चली गई हैं। समय आने पर चाचा पशुपति पारस भी पीछे हट जाएंगे। वही चिराग पासवान ने बक्सर में हुए रेल हादसे पर दुख जताया है। चिराग ने कहा है कि मैं अपनी और अपनी पार्टी लोक जनशक्ति रामविलास की तरफ से मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं, जितने भी घायल हैं वह जल्द से जल्द स्वस्थ हो ऐसी कामना करता हूं। इसके साथ ही रेल प्रशासन से यह मांग करता हूं, कि इसकी जांच की जाए। जो भी दोषी हो, जिनके लापरवाही और जिस भी कारण से यह हादसा हुआ है। उनपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो।

You may have missed