राज्यपाल ने किया ‘बिहार डिजीपेक्स-2022’ का शुभारंभ, राजकीय पक्षी गौरैया पर आडियो पोस्टकार्ड का विमोचन
पटना। चार दिवसीय राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी ‘बिहार डिजीपेक्स-2022’ का उद्घाटन गुरूवार को समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल फागू चौहान द्वारा महामना मदन मोहन मालवीय डाक सांस्कृतिक केंद्र में किया गया। इस विशेष मौके पर विशिष्ठ अतिथि के रूप में सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक नंदकिशोर यादव एवं आरसी श्रीवास्तव, कुलपति, राजेंद्र प्रसाद कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर मौजूद थे। सभी अतिथियों को डाक महाध्यक्ष अदनान अहमद द्वारा विशेष पौधा देकर सम्मानित किया गया। उद्घाटन समारोह में तीन विशेष आवरण राजभवन बिहार, सुखेत मॉडल और अनसंग हीरोज का विमोचन किया गया। इस अवसर पर महामहिम द्वारा बालवीर धीरज कुमार को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
डाक टिकट संग्रह एक शौक: इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि डाक टिकट संग्रह एक शौक है, जो ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक जानकारी प्रदान करती है। उन्होंने बिहार के समस्त नागरिकों खासकर बच्चों को इस आॅनलाइन प्रदर्शनी देखने की सलाह दी। वहीं सांसद रवि शंकर प्रसाद ने डाक विभाग के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सराहा और आगे भी बिहार के अनसुनी नायकों पर डाक टिकट जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने डाक विभाग द्वारा कोरोना काल में किये गये उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
एक विशेष आवरण का विमोचन: इस क्रम में पटना जीपीओ परिसर में आयोजित समारोह में भारतीय रेल एवं डाक विभाग के परस्पर संबंध पर एक विशेष आवरण का विमोचन हुआ, जिसमें देवेन्द्र सिंह, मुख्य महाप्रबंधक बीएसएनएल, प्रभात कुमार, मंडल प्रबंधक, दानापुर रेल मंडल एवं आलोक त्रिपाठी, निदेशक, नाइलेट उपस्थित थे।


गौरैया पर आडियो पोस्टकार्ड का विमोचन: वहीं जीपीओ परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बिहार की राजकीय पक्षी गौरैया पर एक आडियो पोस्टकार्ड का अनावरण किया गया, जिसमे एक क्यूआर कोड दिया गया है, जिसको स्कैन करने पर गोरैया की आवाज सुनाई देती है। डाक विभाग द्वारा विलुप्त होती जा रही गौरैया की आवाज लोगों तक पहुचानें की एक अनूठी पहल की गयी है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुमार रवि, आयुक्त, पटना प्रमंडल एवं विशिष्ट अतिथि पीके अग्रवाल, बिहार चैम्बर आॅफ कॉमर्स के अध्यक्ष उपस्थित थे। इस दौरान कुमार रवि ने यह कहा कि डाक विभाग ने अपने सामान्य कार्यों के अलावा हमारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर की जानकारी को निरंतर लोगों तक पहुंचा रही है। ज्ञात हो कि पटना जीपीओ के प्रांगण में राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी को वर्चुअल तरीके से 24 से 27 फरवरी तक आमजन के लिए प्रदर्शित किया जा रहा है।

