नीतीश कुमार की सीएम के रूप में अंतिम ‘समृद्धि यात्रा’ आज से, सुपौल में 569 करोड़ की योजनाओं की सौगात

  • निर्मली में योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन, विकास कार्यों की समीक्षा के साथ लाभुकों से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार से अपनी बहुप्रतीक्षित ‘समृद्धि यात्रा’ की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस यात्रा के तहत मुख्यमंत्री राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और आम लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। इस क्रम में मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम सुपौल जिले में निर्धारित किया गया है, जहां वे करीब 569 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 में ‘न्याय यात्रा’ से अपने राजनीतिक अभियान की शुरुआत की थी। उसी दौर में राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ और वे बिहार के मुख्यमंत्री बने। उस समय शायद स्वयं नीतीश कुमार ने भी नहीं सोचा होगा कि वे दो दशकों तक राज्य की सत्ता का नेतृत्व करेंगे। अब लगभग 20 वर्षों के लंबे कार्यकाल के बाद उनकी राजनीतिक यात्रा एक नए पड़ाव की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है, जिसकी शुरुआत ‘समृद्धि यात्रा’ से हो रही है। सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर हेलीकॉप्टर से निर्मली अनुमंडल कार्यालय के सामने बने नवनिर्मित हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे 10 बजकर 50 मिनट पर निर्मली रिंग बांध स्थित सिपाही चौक के लिए रवाना होंगे। सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री रिंग बांध पहुंचकर उसके जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण करेंगे और संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अनुमंडल कार्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टॉल का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों से बातचीत भी करेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। लगभग 11 बजकर 40 मिनट पर मुख्यमंत्री अनुमंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल होंगे, जहां वे जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिसमें वे स्थानीय लोगों और लाभुकों से सीधे संवाद करेंगे। इसके बाद लगभग 1 बजकर 10 मिनट पर वे हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 1 बजकर 22 मिनट पर मधेपुरा के लिए प्रस्थान करेंगे। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री कुल 213 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें 434.46 करोड़ रुपये की 84 योजनाओं का शिलान्यास और 134.89 करोड़ रुपये की 129 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जीविका समूह की महिलाओं से भी संवाद करेंगे और शराबबंदी के बाद शुरू की गई आजीविका योजनाओं, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे। प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री की यह यात्रा विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने और उन्हें गति देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। इस दौरान वे लाभुकों से प्रत्यक्ष प्रतिक्रिया भी प्राप्त करेंगे, ताकि योजनाओं के प्रभाव और चुनौतियों को समझा जा सके। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री के काफिले के लिए 13 स्तर की वाहन व्यवस्था की गई है। इसमें नियंत्रण वाहन, अनुमंडल पदाधिकारी का वाहन, पुलिस अधीक्षक का वाहन, चेतावनी वाहन, अग्रिम पायलट वाहन, जिलाधिकारी का वाहन, सुरक्षा वाहन, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, टेलकटर तथा मंत्री, सांसद, विधायक और विधान पार्षदों के वाहन शामिल रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस ने संयुक्त आदेश जारी कर कार्यक्रम स्थल से पांच किलोमीटर के दायरे को मानवरहित यान उड़ान निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया है। साथ ही कई स्थानों पर यातायात परिवर्तन की भी व्यवस्था की गई है। प्रशासन का मानना है कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

You may have missed