तारापुर में गरजे ललन सिंह, कहा- नीतीश राज में बिहारवासी भय मुक्त जीवन जी रहे, जंगलराज की दिलायी याद
तारापुर (मुंगेर)। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह तारापुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर 100 से अधिक कार्यक्रम में भाग ले चुके हैं। शुक्रवार को अपने प्रवास के तीसरे दिन एनडीए प्रत्याशी राजीव सिंह के लौना स्थित आवास के निकट सैंकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में नुक्कड़ सभा को संबोधित किये। उसके बाद श्री सिंह भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट जयराम विप्लव के तारापुर के धौनी स्थित आवास पर पहुंचे। जहां श्री विप्लव की मौजूदगी में सैंकड़ों ग्रामीणों ने सांसद राजीव रंजन सिंह का भव्य स्वागत किया।
उसके बाद श्री सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में जब से नीतीश कुमार की सरकार स्थापित हुई है तब से बिहार में अमन-चैन और शांति है। उससे पहले 15 साल जंगलराज की जिंदगी काट रहे थे बिहार के लोग, शाम 6 बजते ही घर में रहने को मजबूर होते थे लोग। लेकिन जब से बिहार में नीतीश कुमार की सरकार बनी है तब से आप रात 12 बजे के बाद भी सड़क पर निकल जाए, बिहार के किसी कोने में चले जाएं किसी प्रकार का कोई डर नहीं है। संपूर्ण बिहार के लोग शांतिपूर्ण तरीके से भय मुक्त जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार में न्याय के साथ विकास का कार्य चल रहा है। साथ ही बड़े पैमाने पर महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यागजनों के लिए विशेष अवसर और उनके विकास किये गए ।
इस दौरान ललन सिंह तारापुर प्रखंड के लौना, शिशुआ, सोनडीहा, धौनी, काजीचक मिल्की, गनेली, नौवगाईं, पढभारा, तारापुर बाजार, लखनपुर सहित दर्जनों गांवों में कार्यक्रमों में शामिल हुए और एनडीए प्रत्याशी राजीव सिंह को वोट देकर जिताने की अपील की। मौके पर पूर्व मंत्री व जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट जयराम विप्लव, पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश जैन, जदयू जिलाध्यक्ष संतोष सहनी, सौरभ कुमार, सौरभ निधि, निशीतोष निशु सहित एनडीए के सैंकड़ों नेता और समर्थक उपस्थित थे।


