February 13, 2026

ललन सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा: नीतीश के हाथों में कमान, विजय चौधरी ने की पुष्टि

पटना/नई दिल्ली। दिल्ली में जदयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान ललन सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश कर दी है। सूत्रों के अनुसार ललन सिंह ने पद खुद छोड़ने की पेशकश की थी। अब पार्टी की कमान खुद सीएम नीतीश कुमार संभालेंगे। वहीं ललन सिंह के इस्तीफा देने के बाद बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने इसे(अध्यक्ष पद) स्वीकार कर लिया है। अभी राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी उसमें अगर प्रस्ताव अनुमोदित हो जाता है तो स्वाभाविक रूप से वे राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। वही इस मामले में ललन सिंह ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी सक्रियता के कारण मैने पार्टी के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार को अपना त्यागपत्र दे दिया है और उन्होंने इश्तियाक पत्र पर विचार करते हुए मेरा इस्तीफा मंजूर कर लिया है। अब नीतीश कुमार का जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का नया अध्यक्ष बनना तय है। इसकी औपचारिक घोषणा होनी बाकी है। शाम 4 बजे राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश के नाम का ऐलान हो सकता है। ये दूसरी बार होगा जब पार्टी की कमान नीतीश कुमार के हाथ में होगी। जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव दसई चौधरी ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में विजेंद्र यादव ने नीतीश कुमार का नाम पार्टी अध्यक्ष बनने के लिए रखा। पार्टी के अधिकांश प्रमुख नेताओं की राय थी कि प्रमुख चेहरा होने के नाते 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले उन्हें संगठन की कमान संभालनी चाहिए। जिसका कार्यकारिणी मीटिंग में शामिल सभी नेताओं ने समर्थन किया। इसके बाद नीतीश ने कहा कि आपलोगों का जब आग्रह है तो मैं इसके लिए तैयार हूं। ललन सिंह ने भी इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा- मैं बहुत समय तक पार्टी अध्यक्ष रह चुका हूं। मुझे चुनाव लड़ना है, पार्टी में दूसरे काम भी करने हैं। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले शुक्रवार को जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सुबह साढ़े 11 बजे से शुरू हुई और डेढ़ घंटे से भी कम समय में खत्म हो गई। हालांकि इसके लिए 3 बजे तक का समय रखा गया था। मीटिंग से पहले कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के बाहर पोस्टर लगाए गए। इनमें लिखा है, ‘गठबंधन को अगर जीत चाहिए तो चेहरा नीतीश चाहिए। दोपहर 3 बजे तक राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक चलेगी। इसके बाद 4 बजे से राष्ट्रीय परिषद की बैठक शुरू होगी। इससे पहले गुरुवार को सीएम नीतीश ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। 5 बजे जदयू पूरे मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। मीटिंग से पहले जेडीयू नेताओं ने नीतीश कुमार के समर्थन में नारे लगाए। देश का नेता कैसा हो नीतीश कुमार जैसा हो, देश का पीएम कैसा हो-नीतीश कुमार जैसा हो के नारे लगे। नीतीश कुमार को पीएम कैंडिडेट बनाने के सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह है। अध्यक्ष बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये अंदर मीटिंग मे तय होगा। मंत्री विजय कुमार चौधरी ने ललन सिंह के इस्तीफे पर कहा कि अभी हमारी पार्टी के अध्यक्ष ललन सिंह हैं, वो अच्छा काम कर रहे हैं। किसी और को पार्टी अध्यक्ष बनने की क्या जरूरत है। जेडीयू की पहली राष्ट्रीय परिषद की बैठक 2003 में हुई थी। जब जॉर्ज फर्नांडिस और नीतीश कुमार की समता पार्टी और शरद यादव की लोक शक्ति पार्टी का विलय हुआ था। दोनों पार्टी को मिलाकर जनता दल यूनाइटेड का गठन हुआ था। शरद यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। 2021 में, जब नीतीश कुमार ने पहली बार अपनी जगह आरसीपी सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। 2022 में, जब ललन सिंह को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष (दूसरी बार) बनाया गया था। इससे पहले जुलाई 2021 में केंद्रीय मंत्री बनने पर आरसीपी सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। तब उनके बाकी के कार्यकाल के लिए ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष (पहली बार) बनाया गया था।

You may have missed