February 25, 2026

किसान विरोधी काले कानून के खिलाफ बिहार युवा कांग्रेस ने खोला मोर्चा,प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री का किया पुतला दहन

पटना।पटना में कारगिल चौक पर किसान विरोधी काले कानून के खिलाफ पटना महानगर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मुकुल यादव की नेतृत्व में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का पुतला फूंका।इस मौके पर युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष कुमार रोहित, मंजीत  भी उपस्थित थे

मौके पर मौजूद प्रदेश अध्यक्ष गुंजन पटेल ने बताया कि नरेंद्र मोदी और उनके साथी नीतीश कुमार सुनियोजित तरीके से हर गरीब वर्ग को हाशिये पर धकेल रहे हैं। पहले इन्होंने मजदूरों को सड़क पर ला दिया, फिर युवाओं को बेरोजगार बना दिया और अब अगला प्रहार किसानों पर किया है। यह अध्यादेश विशुद्ध रुप से किसान विरोधी है एवं चंद पूंजीपतियों के इशारों पर मोदी सरकार इसे लागू करने पर आमदा है। इस अध्यादेश के जरिए मोदी सरकार किसानों से साजिशन न्यूनतम समर्थन मूल्य के अधिकार को छीनने का कुत्सित प्रयास कर रही है। इस काले कानून को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी समर्थन किया है।

उन्होंने आगे बताया कि पटना के साथ-साथ बिहार एवं पूरे देश में युवा कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। बिहार के लगभग सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया है।

वहीं मुकुल यादव ने नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार को किसान विरोधी करार दिया। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि हम सभी इस लड़ाई में किसानों के साथ हैं और सड़क से लेकर सदन तक की लड़ाई लड़ने को कमर कस चुके है।
इस अवसर पर आनन्द साहू, महासचिव निशांत, पटना ग्रामीण के अध्यक्ष बिट्टू यादव, आरिफ नवाज, रोशन, मुकेश शरण सहित कई युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You may have missed