किच-किच जारी- जदयू के साथ सीटों पर तालमेल की बैठक बेनतीजा,देवेंद्र फडणवीस तथा भूपेंद्र यादव दिल्ली रवाना
पटना।बिहार विधानसभा चुनाव 2020 को लेकर राज्य के दोनों प्रमुख दल भाजपा तथा जदयू के बीच सीटों का तालमेल अभी तक नहीं हो सका है।प्राप्त खबरों के मुताबिक भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस तथा संगठन प्रभारी भूपेंद्र यादव जदयू के नेताओं के साथ सीटों के तालमेल पर हो रही बातचीत को अधूरा छोड़ते हुए दिल्ली निकल गए। कल देर रात तक तथा आज दिन भर भाजपा के ओर से देवेंद्र फडणवीस तथा भूपेंद्र यादव एवं जदयू के तरफ से सांसद ललन सिंह तथा आरसीपी सिंह मिलकर भाजपा तथा जदयू के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बात कर रहे थे।मगर आज भी बात किसी नतीजे पर नहीं पहुंची।वहीं भाजपा के केंद्रीय हाईकमान ने देवेंद्र फडणवीस तथा भूपेंद्र यादव को अचानक दिल्ली बुला लिया।भाजपा के दोनों वरिष्ठ नेताओं के अचानक दिल्ली लौटने के बाद बिहार के सियासी गलियारों में भाजपा तथा जदयू के बीच सीटों के तालमेल को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चलने लगी।उल्लेखनीय है कि कल दोनों पक्षों के बातचीत के दौरान तल्ख़ियां इतनी बढ़ गई थी कि दोनों पक्ष अलग-अलग चुनाव लड़ने की बात भी करने लगे थे।आज भी दोनों पक्षों के बीच बात हुई मगर सीटों के बंटवारे को लेकर समस्या समाप्त नहीं हो सकी। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक जदयू हर हाल में भाजपा से अधिक सीटें लेना चाहती है।वहीं भाजपा लोकसभा चुनाव के फार्मूले पर बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए दबाव डाल रही है।दूसरी तरफ लोजपा को लेकर दोनों दलों के बीच अलग अलग नजरिया है।लोजपा के प्रदेश प्रवक्ता के द्वारा चुनावी माहौल में सीएम नीतीश कुमार तथा उनके सात निश्चय योजना पर किए गए राजनीतिक बयानबाजी को लेकर जदयू का पारा चढ़ा हुआ है।ऐसे में भाजपा के साथ सीटों के तालमेल की बैठक अधूरे रह जाने से बिहार एनडीए में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं लग रहा है।लोजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक कल दिल्ली में बुलाई गई है।चिराग पासवान कल तय करेंगे कि बिहार विधानसभा चुनाव में उन्हें राजग के साथ लड़ना है या फिर उन्हें अकेले चुनावी समर में उतरना है।बहरहाल देवेंद्र फडणवीस तथा भूपेंद्र यादव के दिल्ली चले जाने के बाद भाजपा तथा जदयू के बीच सीटों के बंटवारे का मामला उलझ गया है।


