जेल से बाहर आए केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री पर किया हमला, मोदी को बताया तानाशाह

  • केजरीवाल बोले- आज एक तानाशाह देश को खत्म कर रहा, हम सब मिलकर उखाड़ फेकेंगे

नई दिल्ली। शनिवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल से बाहर आए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जेल से निकलने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कई हमले किए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तानाशाह करार दिया। उन्होंने कहा कि आज देश में जो तानाशाही का माहौल है उसको खत्म करने के लिए देश के सभी समान विचारधारा वाले विपक्षी दल एक साथ हुए हैं और इसी को देखकर मोदी जी हम सभी को खत्म करना चाह रहे हैं। उन्होंने कहा- दोस्तों सीधा जेल से आ रहा हूं। अभी मैं और परिवार हनुमानजी, शिवजी और शनि महाराज की पूजा करके आ रहे हैं। हनुमान जी की हम पर विशेष कृपा है। बजरंगबली की कृपा है, जो मैं अचानक आपके बीच में हूं। किसी को उम्मीद नहीं थी कि मैं आऊंगा।
आप छोटी सी पार्टी है, पर प्रधानमंत्री इसे खत्म करना चाहते है
हमारी आम आदमी पार्टी एक छोटी सी पार्टी है। दो राज्यों के भीतर है। अभी 10 साल पुरानी पार्टी है। इसे कुचलने में और खत्म करने में प्रधानमंत्रीजी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। एकसाथ हमारी पार्टी के टॉप 4 नेता जेल भेज दिए। बड़ी-बड़ी पार्टियों के 4 टॉप नेता जेल भेज दिए जाएं पार्टी खत्म हो जाएगी। आम आदमी पार्टी के लिए भी इन्होंने सोचा, लेकिन आम आदमी पार्टी एक सोच है, जितना खत्म करने की सोचते हैं, उतना बढ़ती है। जो लोग मोदीजी से मिलने जाते हैं, मोदीजी सबसे पहले केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के बारे में बात करते हैं। कहते हैं कि आम आदमी पार्टी आनेवाले सालों में देश को भविष्य देगी। आज वो चाहते हैं कि आप को कुचल दिया जाए। ये तानाशाही है। केजरीवाल शुक्रवार को तिहाड़ जेल से जमानत पर बाहर आए हैं। वे 39 दिन तिहाड़ जेल में बंद रहे। कोर्ट ने उन्हें 1 जून यानी 22 दिन के लिए राहत दी है। उन्हें 2 जून को तिहाड़ में सरेंडर करना होगा। जेल से निकलने के बाद उन्होंने रोड शो किया और दिल्ली की जनता और भगवान हनुमान को धन्यवाद दिया था। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर देश को तानाशाही से बचाना है।
मोदीजी अगले साल 75 साल के हो रहे हैं, रिटायर होंगे
ये लोग इंडिया गठबंधन से पूछते हैं कि आपका प्रधानमंत्री कौन होगा। मैं भाजपा से पूछता हूं आपका प्रधानमंत्री कौन होगा। मोदीजी होंगे, नहीं मोदीजी अगले साल 17 सितंबर को 75 साल के हो रहे हैं। भाजपा के अंदर मोदीजी ने खुद रूल बनाया था कि भाजपा के भीतर जो भी 75 साल का होगा, उसे रिटायर किया जाएगा। आडवाणी, जोशी, सुमित्रा महाजन, यशवंत सिन्हा को रिटायर किया जाएगा। मोदीजी अगले साल 17 सितंबर को रिटायर होने वाले हैं। मैं भाजपा से पूछता हूं कि कौन पीएम होगा।
आज एक तानाशाह देश से जनतंत्र खत्म करना चाहता है
आज एक तानाशाह देश से जनतंत्र खत्म करना चाहता है। मैं पूरे तन मन धन से उस तानाशाह के खिलाफ लड़ रहा हूं। 140 करोड़ लोगों का साथ चाहता हूं। आज मैं आपसे भीख मांगने आया हूं। मेरे देश को बचा लो। इस तानाशाही से मेरे देश को बचा लो। मैं सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। उन्होंने 21 दिन दिए हैं। मैं एक दिन में 36 घंटे काम करूंगा और देश के लिए लड़ूंगा। मेरे खून का एक-एक कतरा, एक-एक पल देश के लिए है।
तानाशाहों ने जब-जब देश पर कब्जे की कोशिश की, लोगों ने उखाड़ फेंका
हमारा देश 4-5 हजार साल पुराना है। इससे पहले कई मौके आए, जब इस देश के ऊपर तानाशाहों ने कब्जा करने की कोशिश की। लेकिन देश के लोगों ने उनका तख्ता उखाड़ कर फेंक दिया।
आडवाणी की राजनीति खत्म की, अब योगी का नंबर
आडवाणी, मुरली मनोहर, सुमित्रा महाजन, शिवराज, वसुंधरा राजे, खट्टर, रमन सिंह की राजनीति मोदीजी ने खत्म कर दी। अगला नंबर योगी आदित्यनाथ का है। अगर चुनाव जीते तो 2 महीने के भीतर उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बदल देंगे। यही तानाशाही है। वन नेशन-वन लीडर। ये चाहते हैं कि एक ही तानाशाह देश के भीतर बचेगा।
4 जून के बाद मोदी सरकार नहीं बन रही, 220 से 230 सीटें आएंगी
खुशखबरी है। मुझे बाहर निकले हुए 20 घंटे हो गए। इस दौरान भी लोगों से बातचीत कर रहा था। रात को आंधी आई थी। पिछले 20 घंटे में जो मैंने बातचीत की है, कई एक्सपर्ट से बात की। मेरा अपना आकलन है कि 4 जून के बाद मोदी सरकार नहीं बन रही है। इनकी सीट बढ़ कहां रही है। सभी जगह तो कम हो रही हैं। मेरा मानना है और सट्टा बाजार में भी चल रहा है कि 220 से 230 के बीच सीट आ रही है। मोदी सरकार नहीं बन रही है। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही है। आम आदमी पार्टी उस सरकार का हिस्सा होगी, दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे। दिल्ली का एलजी दिल्ली का होगा। अभी गुजरात का है।
देश के सारे नेताओं को खत्म करना चाहते हैं मोदीजी
पीएम ने मिशन शुरू किया है। वन नेशन-वन लीडर। देश के सारे नेताओं को खत्म करना चाहते हैं मोदीजी। जितने विपक्ष के नेता हैं, उन्हें जेल भेजेंगे। जितने भाजपा के नेता हैं, उन्हें निपटा देंगे। अगर ये चुनाव जीत गए तो लिखवा लो कि थोड़े दिन बाद ममता, तेजस्वी, स्टालिन, विजयन, उद्धव और सभी विपक्षी नेता जेल के भीतर होंगे।
देश को बच्चा मत समझो
तुम अपनी पार्टी में सारे चोर-उचक्कों को पार्टी में रख लो और कहो कि भ्रष्टाचार से लड़ रहे हो। देश को बच्चा मत समझो। केजरीवाल को क्यों गिरफ्तार किया। पूरे देश को मैसेज दिया है कि अगर वो केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकते हैं तो किसी को भी गिरफ्तार कर सकते हैं। भले ही कोई केस ना हो, गिरफ्तार कर सकते हैं।
प्रधानमंत्रीजी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केजरीवाल से सीखो
प्रधानमंत्रीजी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केजरीवाल से सीखो। 2015 में सरकार बनी थी, तब हमारे मंत्री का ऑडियो वायरल हुआ। किसी को नहीं पता था। दुकानदार से पैसे मांग रहा था। मैंने खुद मंत्री को सीबीआई के हवाला कर दिया था। पंजाब में मान साहब ने अपने मंत्री को जेल में भेजा, क्योेंकि भ्रष्टाचार कर रहा था।

You may have missed