December 4, 2025

पटना में अगले दो दिनों तक बनी रहेगी कनकनी, 35 किमी की रफ्तार से चलेगी पछुआ हवाएं

पटना। बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। अभी दो दिन तक बर्फीली पछुआ हवा 35 किमी की रफ्तार से चलेगी। ऐसे में धूप होने के बावजूद कनकनी से राहत नहीं मिलेगी। पिछले 24 घंटे के दौरान 8 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी सबसे ठंडा जिला रहा। वहीं 25.7 डिग्री सेल्सियस के साथ मधुबनी का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा रहा। देश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में लगातार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने और बर्फबारी का असर बिहार में भी देखने को मिल रहा है। इसके कारण से यहां तेज पछुआ हवाएं चल रही हैं। वहीं हाल ही में हल्की बारिश से औसत न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं अब पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होकर आगे की ओर निकल गया है। ऐसे में तीन-चार दिन तक मौसम शुष्क रहेगा। वहीं पर्वतीय क्षेत्र से आने वाली सर्द हवाएं, बिहार के अधिकांश इलाकों में फैल रही हैं। इसके प्रभाव से सुबह और शाम में ठंड रहेगी और दिन में धूप खिलेगी। बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही है। इसके कारण रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत है।

You may have missed