बंगाल के रास्ते बिहार पहुंची राहुल की न्याय यात्रा, पूर्णिया और कटिहार में होगी बड़ी रैली

- चार जिलों में 425 किलोमीटर करेंगे यात्रा: इंडिया को एकजुट करने का प्रयास, लालू समेत कई दिग्गज शामिल होंगे
किशनगंज/पटना। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत बिहार में आ चुके हैं। बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर से किशनगंज पहुंचे हैं। किशनगंज के नगर क्षेत्र अंतगर्त स्थित वीर कुंवर सिंह बस स्टैंड वे बस से पहुंचे। जिसके बाद वे कार से शहीद अशफाक उल्ला खान स्टेडियम पहुंचेंगे। उनके साथ हजारों की भीड़ भी चल रही। उनके स्वागत के लिए पहले से कार्यकर्ता मौजूद थे। उनकी न्याय यात्रा बिहार के किशनगंज जिले में पहुंची है, जिसे कांग्रेस का गढ़ भी माना जाता है। राहुल की न्याय यात्रा पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले से होते हुए बिहार पहुंची है। राहुल ऐसे समय पर बिहार में अपनी यात्रा लेकर आए हैं, जब नीतीश कुमार की जेडीयू ने महागठबंधन का साथ छोड़ दिया है। राहुल गांधी आखिरी बार 2020 बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान राज्य में आए थे। किशनगढ़ की पहचान मुस्लिम बहुल इलाके के तौर पर होती है और यहां से कांग्रेस को हमेशा ही जीत मिलती आई है। राहुल गांधी अपनी इस रैली के जरिए बिहार में लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी का प्रचार भी करना चाहते हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत मणिपुर से हुई है, जो अब अरुणाचल प्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल से होते हुए यहां पहुंची है। कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने बताया है कि राहुल गांधी किशनगंज में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करने वाले हैं। इसके बाद वह मंगलवार को पूर्णिया और बुधवार को कटिहार में एक बड़ी रैली करेंगे। इस रैली में स्थानीय कांग्रेस और आरजेडी नेताओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने बताया कि राहुल गुरुवार को अररिया जिले के रास्ते बंगाल पहुंचेंगे। कुछ दिन बाद झारखंड के रास्ते एक बार फिर से राहुल की न्याय यात्रा बिहार में लौटेगी। अररिया में भी राहुल के लोगों को संबोधित करने की उम्मीद है। कांग्रेस इस रैली के जरिए लोगों तक अपना चुनावी संदेश भी पहुंचाना चाहती है। कांग्रेस की रैली में शामिल होने के लिए आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य को निमंत्रण भी भेजा गया है। जब भारत जोड़ो न्याय यात्रा पूर्णिया पहुंचेगी, तो इन लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। डिप्टी सीएम का पद गंवाने वाले तेजस्वी यादव के भी पूर्णिया में इस रैली में शामिल होने की उम्मीद है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंचे राहुल गांधी
शहर से सटे फरिंगोला व रामपुर चेक पोस्ट में एसडीपीओ गौतम कुमार के नेतृत्व में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। एसडीपीओ स्वयं वाहन चेकिंग में लगे हुए थे। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी रही कि राहुल गांधी जिस रास्ते से गुजरें उस मार्ग में पहले से पुलिस के अधिकारी तैनात दिखे। यातायात व्यवस्था बाधित न हो इसके लिए रूट चार्ट भी बनाया गया है।एहतियातन जिले के सभी थानाध्यक्ष को सतर्कता बरते जाने का निर्देश दिया गया है।
अशफाक उल्ला खां स्टेडियम में होगी जनसभा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर जिले के कांग्रेस नेताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। 29 जनवरी को तय कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी किशनगंज पहुंचें है। जहां से वह पद यात्रा के साथ स्थानीय अशफाक उल्ला खां स्टेडियम में आम सभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर स्टेडियम में जोर-शोर से तैयारी की गयी है।
अन्य जिलों से भी पहुंचे कार्यकर्ता
कांग्रेस सांसद डॉ मो जावेद आजाद, विधायक इजहारुल हुसैन, कांग्रेस नेता सह जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष असगर अली उर्फ पीटर सहित अन्य नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी फरिंगगोला से पद यात्रा करते हुए स्टेडियम पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि हमसबों में उनकी यात्रा को लेकर काफी उत्साह है। जिलेवासी राहुल गांधी के स्वागत के लिए आतुर है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा काफी ऐतिहासिक होगी। भागलपुर समेत अन्य जिलों से भी कांग्रेस नेता व कार्यकता पहुंचे हैं।
