बिहार में मानसूनी बारिश के लिए अभी करना होगा इंतजार : 4 दिन बाद बरसेंगे बादल, पटना में गर्मी बढ़ी

पटना। बिहार में बारिश के लिए लोगों को अभी 4 दिन का और इंतजार करना पड़ेगा। 24 जुलाई के बाद मानसून एक बार फिर से एक्टिव होगा। बुधवार को बिहार के सिर्फ 2 जिलों में बारिश हुई। 2 दिनों से उमस भरी गर्मी ने एक बार फिर से लोगों को परेशान कर दिया है। बक्सर का तापमान तो 39 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अब तक 382.8 मिली बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन मात्र 238.1 मिमी बारिश ही हुई है। 144.7 मिलीमीटर कम बारिश हुई है। इसके साथ ही गंगा, महानंदा और गंडक के जलस्तर में कमी आई है। मानसून के कमजोर होने से प्रदेश के तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है पिछले 24 घंटे के दौरान पटना समेत 27 जिलों की अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 39 डिग्री के साथ बक्सर में सबसे गर्म रहा। वहीं पटना का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी और दक्षिण पूर्व भागों के एक या दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं किशनगंज और पश्चिमी चंपारण में वज्रपात की चेतावनी है।
पटना में 20 फीसदी कम हुई रोपनी
बारिश नहीं होने से अब एक बार फिर से किसानों की परेशानी बढ़ते हुए दिखाई दे रही है। पटना जिले का स्थिति यह है कि बीज तो किसी तरीके से वितरण कर लिया गया है, लेकिन अब तक रोपनी 20 फीसदी जिले में कम हुई है। पटना जिले के अलग-अलग प्रखंडों में 1 लाख 30 हजार हेक्टेयर में धान की खेती होती है। पिछले वर्ष की बात करें तो अब तक 40 फीसदी रोपनी हो चुकी थी। पटना जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण रोपनी से काम काफी ज्यादा प्रभावित हो गया है। बड़े किसानों ने बोरिंग से पटवन तो कर ली। लेकिन वहीं छोटे किसान अभी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। वहीं उन्होंने बताया कि धनरुआ, बाढ़, पंडारक, बेलछी, दनियावां, नौबतपुर, बिहटा, बिक्रम, मसौढ़ी, दुल्हिन बाजार, पालीगंज और मनेर में रोपनी कम हुई है। पटना में आज पूरे दिन आसमान बिल्कुल साफ रहेगा। बारिश को ले कर कोई भी पूर्वाअनुमान नहीं जताया गया है। वहीं अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इसके साथ-साथ उमस भरी गर्मी से लोग एक बार फिर आज भी परेशान रहेंगे।

You may have missed