मंत्री संजय झा ने कहा- दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ेगी JDU, BJP से चल रही बातचीत; यूपी, मणिपुर के साथ अन्य राज्यों में भी लड़ेंगे
पटना। जदयू कार्यालय में शुक्रवार को जनसुनवाई कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा और भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने कार्यकर्ताओं की शिकायतों को सुना और उनकी समस्या का त्वरित समाधान किया और कार्यकतार्ओं से प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
इस दौरान मंत्री संजय झा ने कहा कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी से बातचीत चल रही है और पार्टी दिल्ली नगर निगम चुनाव के साथ-साथ वहां से विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में समता पार्टी के समय से ही जदयू का बहुच अच्छा जनाधार रहा है। वहां से पार्टी के एमपी, एमएलए होते रहे हैं। इसलिए निश्चित रूप से पार्टी वहां से चुनाव लड़ेगी। इसको लेकर पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेता बात कर रहे हैं। वहीं मणिपुर में होनेवाले विधानसभा चुनाव में भी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। उत्तर प्रदेश, मणिपुर के साथ साथ अन्य राज्यों में भी पार्टी चुनाव लड़ेगी और इसको लेकर पार्टी के शीर्ष नेता समय आने पर फैसला लेंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में पिछली बार पार्टी चुनाव नहीं जीत सकी थी लेकिन वहां हमारा बड़ा जनाधार है और उम्मीद है कि इस बार वहां अच्छे परिणाम सामने आएंगे। बिहार में पिछले 16 वर्षों में जो बदलाव हुए हैं, इसको देखकर दिल्ली में रहनेवाले पूर्वांचल के लोगों की आकांक्षा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी वहां से चुनाव लड़े।
हम राष्ट्रीय औसत के करीब नहीं पहुंच पा रहे
वहीं उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विशेष राज्य के दर्जे पर दिए गए बयान पर कहा कि जिन लोगों को इस बात की समझ नहीं है वे भी विशेष राज्य के मुद्दे पर बयान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मुद्दे को लगातार उठाते रहे हैं। हमारा मानना है कि पिछले 15-16 वर्षों से बिहार का विकास डबल डिजिट ग्रोथ के साथ हो रहा है। पहले बिहार का ग्रोथ रेट क्या था, यह सभी को पता है। डबल डिजिट ग्रोथ के बावजूद बिहार का जो विकास होना चाहिए था, वह नहीं हो पा रहा है और हम राष्ट्रीय औसत के करीब नहीं पहुंच पा रहे हैं। हमारा मानना है कि बिहार का जो हक है उसे मिलना चाहिए ताकि बिहार भी राष्ट्रीय औसत को प्राप्त कर सके।


