JDU ने झारखंड में दो नेताओं को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, खीरू महतो को प्रदेश अध्यक्ष की कमान और गुलाब महतो को उपाध्यक्ष

पटना। जदयू ने मंगलवार को झारखंड के पूर्व विधायक खीरू महतो को झारखंड जदयू की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष मनोनीत किया। वहीं गुलाब महतो को उपाध्यक्ष तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण कुमार सिंह को झारखंड का प्रभारी नियुक्त किया है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इस आशय की जानकारी दी। खीरू महतो समेत झारखंड के लिए तय पदधारक भी इस मौके पर उपस्थित थे।
ललन सिंह ने कहा कि पार्टी के संगठन विस्तार के लिए बिहार ही नहीं बल्कि अलग-अलग राज्यों में भी काम किया जा रहा है। पिछले दिनों पार्टी के राष्ट्रीय परिषद और राष्ट्रीय कार्यकारिणी में इस पर चर्चा हुई थी कि देश के विभिन्न राज्यों में पार्टी का विस्तार किया जाए। विस्तार की योजना के तहत ही अलग-अलग राज्यों में काम हो रहा है। हाल ही में उन्होंने इस क्रम में जम्मू-कश्मीर का दौरा किया था। पार्टी ने उत्तर-पूर्वी राज्यों के लिए नार्थ-ईस्ट एग्जक्यूटिव कांउसिल का पुनर्गठन किया है। इसी तरह झारखंड में संगठन की मजबूती को लेकर मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व प्रभारी को नियुक्त किया गया।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि गुलाब महतो को झारखंड में विस्थापितों को संगठित करने की जिम्मेदारी दी गई है। आने वाले समय में जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां पार्टी की पहली कोशिश यह है कि वह एनडीए गठबंधन का अंग बनकर ही चुनाव लड़े। लेकिन यदि ऐसा संभव नहीं हो पाता है तो पार्टी अपने बूते ही चुनाव मैदान में उतरने को तैयार है। पार्टी यूपी और मणिपुर में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।

You may have missed