JDU का दावा : बिहार में कानून व्यवस्था देश के अन्य राज्यों से बेहतर

पटना। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में कानून व्यवस्था देश के अन्य राज्यों से बेहतर है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार कानून का शासन स्थापित करने के वायदे के साथ आई और अपने इस वादे को हमारी सरकार अमलीजामा पहनाते रही है। सुशासन और कानून का राज यही नीतीश कुमार के शासन की यूएसपी है।
श्री प्रसाद ने कहा कि 1990-2005 के (लालू-राबड़ी) शासनकाल में एवं 2006-2019 के (नीतीश कुमार) के शासनकाल में अगर तुलनात्मक अध्ययन करें तो बिहार में हत्या के मामलों में 25.21%, डकैती के मामलों में 74.25%, अपहरण के मामलों में 79.25% की कमी आई है। राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो द्वारा 2018 में प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार प्रति एक लाख जनसंख्या पर देश में संगीन अपराध की औसत दर जहां 383.05% है, वहीं बिहार में 222.01% है और अपराध के मामलों में बिहार देश में 23वें स्थान पर है। जहां 1990 से 2005 के बीच 118 नरसंहार की घटनाएं हुई जबकि नीतीश कुमार के शासनकाल में ऐसी एक भी घटना नहीं घटित हुई।
श्री प्रसाद ने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है, जिसने लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम लागू किया। 20 जनवरी 2021 तक इसके तहत कुल 8,80,627 मामले दर्ज किए गए हैं और इसमें 8,06,451 मामलों का सफल निष्पादन हुआ है।

You may have missed