भारत में एलपीजी और पेट्रोल पर नहीं होगा इजरायल-ईरान युद्ध का असर: प्रभाकर मिश्र
- सरकार के पास है हर संकट का समाधान, बिहार में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य, पैनिक होने की जरूरत नहीं
पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने कहा कि इजरायल-ईरान युद्ध का भारत पर असर नहीं पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार तत्पर है। देश में एलपीजी और पेट्रोल की कोई कमी नहीं होगी। हां, यह जरूर है कि वैश्विक स्थिति को देखते हुए लोगों को बुद्धिमता के साथ इस्तेमाल करना चाहिए। बिहार में भी एलपीजी की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी करनेवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने आज यहां कहा कि भाजपा पर देश को भरोसा है और पीएम मोदी के प्रति देशवासियों का अटूट विश्वास है। लोग जानते हैं, पीएम मोदी के पास हर संकट का समाधान है। कोरोना काल में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने जो साहस के साथ साथ समाधान निकाला, उसका पूरी दुनिया कायल है। भारत ने पड़ोसी समेत विश्व के कई देशों को वैक्सीन भेजकर आपदा के समय मदद की। निश्चित तौर पर युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है। भारत हमेशा विश्व शांति के मार्ग पर चला है और किसी भी विवाद को संवाद के माध्यम से हल ढूंढ़ने का हिमायती रहा है। यही वजह है कि जब दो देशों के बीच युद्ध की स्थिति बन जाती है, तो समाधान के लिए पूरा विश्व उम्मीद भरी नजरों से भारत की ओर देखता है। यह वैश्विक फलक पर भारत की बढ़ती साख को दर्शाता है। भारत की नीतियों की आज हर तरफ सराहना हो रही है।


