आईपीएल 2026 का आगाज आज, बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद
- विराट कोहली की वापसी पर टिकी नजरें, ईशान किशन के लिए कप्तानी की पहली बड़ी परीक्षा
- हैदराबाद की विस्फोटक बल्लेबाजी बनाम बेंगलुरु की संतुलित टीम, दिलचस्प मुकाबले के आसार
बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सत्र का आगाज आज से होने जा रहा है, जिसमें पहले ही मुकाबले में दर्शकों को रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगी। उद्घाटन मैच में मौजूदा विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। इस मैच में सबसे ज्यादा नजरें अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली पर होंगी, जो लंबे समय बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। उनके प्रदर्शन को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह है। वहीं दूसरी ओर हैदराबाद की टीम की कमान इस बार युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के हाथों में है। नियमित कप्तान पैट कमिंस के चोटिल होने के कारण किशन को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो उनके लिए बड़ी परीक्षा मानी जा रही है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 26 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें हैदराबाद ने 14 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि बेंगलुरु को 11 मुकाबलों में सफलता मिली है। एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला। आंकड़ों के लिहाज से हैदराबाद का पलड़ा थोड़ा भारी दिखता है, लेकिन मौजूदा फॉर्म और टीम संयोजन के आधार पर मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ है। हैदराबाद की टीम अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है। टीम के पास ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं, जो शुरुआती ओवरों में तेजी से रन बनाने में माहिर हैं। पिछले सत्र में भी इन खिलाड़ियों ने कई मैचों में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। खासकर शक्ति प्रारंभिक ओवर में तेज रन गति हैदराबाद की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है। पिछले सत्र में हैदराबाद ने बेंगलुरु के खिलाफ 231 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था और मुकाबला 42 रनों से जीत लिया था। हालांकि इसके बाद बेंगलुरु ने शानदार वापसी करते हुए पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और पहली बार खिताब अपने नाम किया। ऐसे में इस बार बेंगलुरु की टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है और अपने खिताब की रक्षा के इरादे से मैदान में उतरेगी। बेंगलुरु की टीम इस बार कप्तान रजत पाटीदार के नेतृत्व में खेल रही है। टीम में कई मैच जिताने वाले खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें फिल साल्ट, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड और भुवनेश्वर कुमार प्रमुख हैं। हालांकि तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड की गैरमौजूदगी टीम के लिए थोड़ी चिंता का विषय हो सकती है। दोनों टीमों के संभावित संयोजन पर नजर डालें तो बेंगलुरु की ओर से फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा और जैकब डफी मैदान में उतर सकते हैं। वहीं हैदराबाद की टीम में अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, नीतीश रेड्डी, लियाम लिविंगस्टोन, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, शिवम मावी और ब्रायडन कार्स शामिल हो सकते हैं। एक तरफ हैदराबाद का आक्रामक शीर्ष क्रम है तो दूसरी ओर बेंगलुरु की संतुलित और अनुभवी टीम। ऐसे में यह मुकाबला न केवल टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत करेगा, बल्कि दर्शकों को रोमांच से भरपूर क्रिकेट भी देखने को मिलेगा। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी होंगी कि क्या बेंगलुरु अपनी जीत की लय बरकरार रख पाएगी या हैदराबाद इस बार बदला लेने में सफल होगी।


