बक्सर में मुखिया ने दिखाई दबंगई, गांव के 3 लोगों को मारी गोली
बक्सर। बिहार के बक्सर में निवर्तमान मुखिया के द्वरा तीन लोगों को गोली मारकर जख्मी करने की खबर सामने आई हैं। वही गोली लगने से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है जिसे इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है। इसके साथ साथ दो अन्य का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वही घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। मामला बक्सर के नदाव गांव का है। जानकारी के अनुसार, घायल जितेंद्र कुमार (36) के परिजन सोनू कुमार ने बताया कि घर में पूजा-पाठ करने के बाद पास के ठाकुरबाड़ी में दीया जलाने गया था। वहां निवर्तमान मुखिया तेज बहादुर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह पहुंच गए और चुनाव में विपक्षी प्रत्याशी का समर्थन करने को लेकर मारपीट करने लगे।

जानकारी के अनुसार, मारपीट की सूचना पर परिजन मुकेश कुमार मौर्य और धनंजय मौर्य भी मौके पर पहुंचे। इस बीच निवर्तमान मुखिया ने गोली चला दी। गोली जितेंद्र कुमार के दाएं पैर में लगी है। घटना में जितेंद्र के अलावा धनंजय और मुकेश भी घायल हो गए। जितेंद्र की स्थिति गंभीर है। बताया जा रहा है कि घायल जितेंद्र कुमार और उसके परिजन इस बार मुखिया प्रत्याशी रामप्रवेश कुशवाहा के समर्थन में थे। जिसको लेकर निवर्तमान मुखिया तेज बहादुर नाराज थे। उन्होंने वोटिंग से पहले भी पक्ष में मतदान नहीं करने पर अंजाम बुरा होने की धमकी दी थी। इस संबध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस कार्रवाई कर रही है। ग्रामीणों और परिजनों से मामले की जानकारी ली गई है। चुनावी रंजिश में मारपीट और गोलीबारी की जानकारी है। हालाकि अभी तक किसी पक्ष ने FIR नहीं दर्ज कराई है।

