मुजफ्फरपुर में दहेज के लिए पति ने गर्भवती पत्नी को मार डाला, 6 महीने पहले हुई थी शादी

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। 2 साल के अफेयर के बाद 6 महीने पहले दोनों की शादी हुई थी। लड़की के परिवार का आरोप है कि पति 20 लाख कैश और स्कॉर्पियो की डिमांड कर रहा था। लड़की वालों ने शादी के वक्त 10 लाख कैश और कार दी थी। पति अपने एक दोस्त के साथ घर पहुंचा और पत्नी को 3 गोलियां मारी। इसके बाद वो वहां से भाग गया। पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। मामला जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के महवल स्थित कुशाही गांव का है। पति आकाश कुमार ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी 20 वर्षीय पत्नी काजल कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी। आकाश और काजल के बीच पिछले 2 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 6 महीने पहले ही दोनों की लव मैरिज हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों के प्यार के आगे परिजन भी झुक गया। घटना को लेकर मृतका की मां नीलम देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी लड़की की शादी 14 नवंबर 2022 को महवल निवासी विजय महतो के बेटे आकाश कुमार महतो से की थी। उस समय एक कार, नगद दस लाख रुपए और गहनें गिफ्ट में दिए थे। उनकी लड़की काजल तीन महीने की गर्भवती थी। वहीं दामाद समेत ससुराल वाले 20 लाख रुपए और स्कॉर्पियो की मांग कर रहे थे। काजल को प्रताड़ित करते थे। इसकी जानकारी लड़की बार-बार फोन पर देती थी। मां ने कहा कि इतनी बड़ी रकम देने में सक्षम नहीं थे, जिसके कारण उसने बेटी की हत्या कर दी।
दोस्त के साथ आया और मार दी गोली
बताया जा रहा है कि काजल घर पर थी। सास घर के बाहर थी। पति आकाश अपने एक दोस्त के साथ आया और कमरे में घुसते ही ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दी। गोली सीने और मुंह पर मारी। घटना को अंजाम देने के बाद आकाश बाइक से बरूराज की ओर फरार हो गया। गोली की आवाज सुनते ही पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे। काजल की लाश कमरे के भीतर खून से सनी थी। लोगों ने मामले की जानकारी मोतीपुर पुलिस को दिया। मामले में डीएसपी पश्चिमी अभिषेक आनंद ने कहा कि मोतीपुर थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

About Post Author

You may have missed