भागलपुर में पत्नी मायके जाने पर पति ने की आत्महत्या, फांसी लगाकर दी जान

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी मायके चली गई। इसके बाद शनिवार को पति ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। घटना नाथनगर थाना के बोंगू शाह लेन में शनिवार की अहले सुबह की है। परिजनों को इसकी जानकारी तब हुई जब मृतक सुबह में देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला। जब परिजन जागने गए तो परिजनों ने फंदे से लटकता शव देखा। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। घटना के पीछे पति-पत्नी का विवाद बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भारी संख्या में पहुंचे लोगों की मौजूदगी में मृत के पिता ने शव को फंदे से उतरा। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बोंगु शाह लेन निवासी गोपाल दास के बेटे राजकुमार दास(37) के रूप में की गई है। मृतक हैंडलूम चलाकर अपना घर का भरण पोषण करता था। राजकुमार को तीन बच्चे हैं। बीते दिनों से दोनों पति- पत्नी के बीच अक्सर विवाद हुआ करता था। इसके कारण 15 दिन पहले पत्नी पिंकी देवी अपने ससुराल मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के मसरूफचक चली गई थी। जिसके कारण उन्होंने शनिवार की सुबह आत्महत्या कर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद ससुराल पक्ष के भी लोग पहुंचे। जहां पर मृतक के परिजनों ने राजकुमार की पत्नी की बहन पर विवाद करने का आरोप लगाया है। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
