आवास बोर्ड की अधिग्रहीत जमीन पर भूमि माफियाओं का काला साम्राज्य,दीघा- आशियाना रोड,घुड़दौड़ मोड, तथा पॉलशन रोड में जमकर अवैध निर्माण जारी

पटना।राजधानी पटना के दीघा तथा राजीव नगर थाना क्षेत्र में बिहार राज्य आवास बोर्ड के अधिग्रहित जमीन पर किसी प्रकार के निर्माण पर पूरी तरह से लगाई गई रोक के बावजूद अवैध निर्माण का सिलसिला जारी है।राजीव नगर में लंबे अर्से से भूमि माफियाओं के द्वारा करोड़ों की काली कमाई का खेल खेला जा रहा है।अधिग्रहित भूमि की खरीद बिक्री का काला धंधा बदस्तूर जारी है। वहीं दूसरी ओर बिहार राज्य आवास बोर्ड तथा स्थानीय प्रशासन को चुनौती देते हुए अवैध निर्माण का खेल भी जारी है।राजीव नगर के दीघा- आशियाना रोड,घुड़दौड़ मोड, तथा पॉलशन रोड में जमकर अवैध निर्माण जारी है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस प्रशासन का कहना है की अवैध निर्माण को चिन्हित करने तथा रोकने के लिए बिहार राज्य आवास बोर्ड की कार्यपालक अभियंता अधिकृत है।प्रशासन उनके निर्देश पर इस मामले में कार्य करती है।थाना को जब भी सूचना दी जाती है।पुलिस बल कार्रवाई के लिए उपलब्ध कराई जाती है।वहीं दूसरी ओर बिहार राज्य आवास बोर्ड के अधिकारी अवैध निर्माण रोकने की दिशा में अभी तक पूरी तरह से विफल साबित होते रहे हैं। पटना उच्च न्यायालय के द्वारा अवैध निर्माण पर पूरी तरह से रोक लगाया गया है। इतना ही नहीं राजीव नगर तथा दीघा थाना में भूमि माफियाओं के विरुद्ध कई मामले दर्ज है।इसके बावजूद अवैध निर्माण का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है।माना जाता है कि बड़े पैमाने पर ‘लेन-देन’ के बदले निर्माण को मौखिक स्वीकृति दी जाती है।जिसके फलस्वरुप अवैध निर्माण का कार्य फाइलों में बंद लेकिन हकीकत में चालू रहता है। सबसे गंभीर समस्या यह है की भूमि माफियाओं के द्वारा आवास बोर्ड की अधिग्रहीत जमीन मूल रैयतों के सहमति के बिना कूटरचित दस्तावेजों के बल पर खरीदी बेची जा रही है।जिससे आम लोग भी ठगी का शिकार हो रहे हैं।
