पटना में हॉस्टल के छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में फांसी लगाकर दी जान
पटना। राजधानी पटना में सोमवार अहले सुबह एक हॉस्टल के छात्र ने अपने कमरे में आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह रेलवे और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था, छात्र ने अपने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। छात्र की पहचान सुपौल निवासी ऋषभ राज (21) के रूप में हुई है। ऋषभ राज बीए सेकेंड ईयर का छात्र है और आज ही सुबह घर से पटना आया था। कदमकुआं थाना को काजीपुर नयाटोला के एक हॉस्टल में छात्र की आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार छात्र ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। मृतक का नाम ऋषभ राज है। उसके पिता का नाम संजीव कुमार पासवान। ऋषभ मूल रूप से छातापुर कटही, थाना छातापुर, जिला सुपौल का रहने वाला है। पटना में रहकर रेलवे एनटीपीसी भर्ती के लिए प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करता था। कदमकुआं के थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग मृतक छात्र को बीपीएससी का अभ्यर्थी होने की अफवाह फैला रहें है। जबकि इस छात्र का बीपीएससी से कोई लेना देना नहीं है। छात्र रेलवे की तैयारी करता है और आज सुबह हीं घर से पटना आया था। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे उचित कार्रवाई की जाएगी।


