सुपौल में हुआ भीषण सड़क हादसा, 6 लोगों को ट्रक ने कुचला, 3 की मौके पर ही मौत
सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है।मामला जिले के निर्मली थाना क्षेत्र के मझारी और हरियाही के बीच एनएच-57 पर एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद दो बाइक पर सवार 6 लोग एनएच-57 की ओर निकले थे। इसी बीच दोनों बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद 6 लोग सड़क पर गिरे पड़े थे तभी तेज रफ़्तार भारी वाहन ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

बाइक पर सवार मधुबनी जिला के घोघरडीहा निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार राय की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि उसके साथ बाइक पर सवार संजय राय और एक अन्य जख्मी हैं। वहीं, दूसरे बाइक पर सवार अन्धरामठ थाना क्षेत्र के न्योर निवासी मो। आरिफ और सरायगढ़ भपटियाही निवासी मो शफीक की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई। न्योर गांव निवासी मो। मुस्ताक और मो साकिब गंभीर रूप से जख्मी हैं। घायलों का इलाज निर्मली अनुमंडल अस्पताल में किया जा रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। काफी देर तक घटना स्थल पर मृतक का शव पड़ा रहा। लोगों ने उसके जेब में रखें अलग-अलग डॉक्यूमेंट के सहारे उसके परिजन से संपर्क साधा और घटना की सूचना दी गई।

