झारखंड में भीषण सड़क हादसा में 16 यात्रियों की मौत : बस से भिड़ा गैस सिलेंडर से लदा ट्रक, CM ने जताया दु:ख
पाकुड़ (झारखंड)। झारखंड के पाकुड़ में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे में बस सवार 16 लोगों की मौत हो गई। जबकि 31 लोग घायल हुए हैं। बस के अंदर से लोगों को निकालने का काम करीब 3 घंटे में पूरा हुआ। हादसे का कारण घने कोहरे को माना जा रहा है। दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। राहत व बचाव कार्य जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, साहिबगंज के बरहरवा से दुमका जा रही कृष्णा रजत बस और गैस सिलेंडर से लदे ट्रक के बीच लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा रोड पर पडेरकोला के पास टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। कई लोग झटके के साथ बस के बाहर गिर गए और कई अंदर ही फंस गए। दोनों गाड़ियां एक दूसरे में घुस गईं। बस में कुल 55 से ज्यादा लोग सवार थे। जिसमें 16 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि करीब 31 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद गैस कटर से बस की बॉडी काटकर लोगों को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि बस का ड्राइवर अब तक जिंदा है। वह बस में ही फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका है। गंभीर रूप से घायल 29 लोगों को रेफर किया गया है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची। पाकुड़ एसपी एचपी जनार्दन ने कहा कि 16 शव बरामद किए गए हैं। इसमें 12 की पहचान हो चुकी है।
कोहरे के कारण हादसा का अनुमान
दुर्घटना की जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि कोहरे के कारण यह हादसा हुआ है। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय बस में बैठे काफी लोग सो रहे थे। इस कारण किसी को संभलने तक का समय नहीं मिला।
शवों की पहचान करने के लिए बनाई गई टीम
इधर, शवों की पहचान करने में आ रही परेशानियों को देखते हुए पुलिस की ओर से 4 सदस्यीय टीम गठित की गई है। यह टीम दुर्घटना में घायल लोगों की मदद से मरने वालों की पहचान करने में जुटी हुई है। मृतकों में से कई के पास किसी तरह के दस्तावेज नहीं होने के कारण परेशानी आ रही है।
सीएम ने दु:ख जताया
सड़क दुर्घटना पर सीएम हेमंत सोरेन ने दु:ख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है-‘पाकुड़ से लिट्टीपाड़ा-आमड़ापाड़ा सड़क दुर्घटना की हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारों को दु:ख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।’ सीएम ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के उचित निर्देश दिए हैं। इधर, डीसी वरूण रंजन दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। राहत व बचाव कार्य जारी है।


