February 21, 2026

पटना में झमाझम बारिश : 14 अगस्त तक कई जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट, गर्मी से मिली राहत

पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह से झमाझम बारिश देखने को मिली। जानकारी के मुताबिक राज्य में मानसून एक बार फिर से एक्टिव होने के बाद अब प्रदेश के कई जिलों में आगामी 14 अगस्त तक मौसम विभाग ने वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। जानकारी के मुताबिक पटना समेत जहानाबाद, गया, औरंगाबाद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पश्चिम चंपारण, किशनगंज, कैमूर, बक्सर, रोहतास में अतिभारी बारिश का आरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ अमृतसर, चंडीगढ़, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, मालदा होते हुए मिजोरम की ओर प्रभावी है। इनके प्रभाव से मानसून का प्रभाव कुछ दिनों तक बिहार में बना रहेगा। गुरुवार को चंपारण के चटिया में सर्वाधिक वर्षा 262.0 मिमी दर्ज की गई। हलांकि, राजधानी में दिन में धूप निकली जिससे उमस की स्थिति रही। लेकिन, इसके बाद भी कई जिलों में दिन में सूरज की बादलों के साथ लुकाछिपी बनी रही। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 अगस्त से प्रदेश के कई जिलों के अधिकतम तापमान में आंशिक वृद्धि होगी। 34.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बांका में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजधानी का अधिकतम तापमान में 4.4 डिग्री वृद्धि के साथ 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डेहरी को छोड़ सभी शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि आई है। पटना के अधिकतम तापमान में साढ़े तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

You may have missed