पटना के बाद गोपालगंज के भी स्कूल किए गए बंद, भीषण ठंड को लेकर आदेश जारी
गोपालगंज। बिहार में राजनीतिक सरगर्मी के साथ मौसम की ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य में तापमान में निरंतर गिरावट के चलते ठंड की स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है। पूरे प्रदेश में शीतलहर और अत्यधिक ठंड के कारण लोगों के लिए घर से बाहर निकलना कठिन हो गया है। ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कुछ जिलों के जिला मजिस्ट्रेट ने स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है, पटना, छपरा, सारण और भोजपुर जिले के बाद अब गोपालगंज डीएम ने भी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है। गोपालगंज जिले में अत्यधिक ठंड का मौसम और कम तापमान की स्थिति के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए जिला पदाधिकारी -सह- जिला दंडाधिकारी प्रशांत कुमार सी एच द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत गोपालगंज जिले के सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों (प्री स्कूल आंगनबाड़ी केंद्रों सहित) में वर्ग 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर दिनांक 09 जनवरी 2025 तक प्रतिबंध लगाया गया है। आज से 9 जनवरी तक सभी तरह के शैक्षणिक संस्थानों में वर्ग आठ तक की कक्षाओं की गतिविधियां बंद रहेगी। वर्ग 8 से ऊपर की कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 3:30 के बीच संचालित की जाएगी बोर्ड परीक्षा से संबंधित शैक्षिक गतिविधियों का संचालन इससे मुक्त रहेगा। जिला पदाधिकारी का यह आदेश 07 जनवरी 2025 से 9 जनवरी 2025 तक जिला में प्रभावी रहेगा।


