गोपालगंज में दिनदहाड़े राजद कार्यकर्ता को गोली मारी,हालत नाजुक,जिले में तनाव तथा दहशत
पटना।लॉकडाउन के बावजूद प्रदेश में आपराधिक घटनाएं बदस्तूर जारी है। प्रदेश के गोपालगंज जिले में एक बार फिर अपराधियों ने खूनी कहर बरपाते हुए राजद कार्यकर्ता पर गोलियां चलाई है।इस गोलीबारी में राजद कार्यकर्ता बुरी तरह से घायल हो गया है।उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के उचकागांव थाना के पीपारा गाँव में बेखौफ अपराधियों ने राजद कार्यकर्ता पर दिनदहाड़े गोलियां बरसा दी।अपराधियों की गोली से घायल राजद कार्यकर्ता वशीर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।राजद के कार्यकर्ता वशीर उचकागांव थाना क्षेत्र के ही विरवट का रहने वाला बताया जाता है।इस घटना के बाद से जिले में पुनः भय तथा तनाव का माहौल बरकरार हो गया है।अपराधिक घटनाओं से जिले में दहशत कायम है। उल्लेखनीय है कि 24 मई को भी गोपालगंज में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए राजद के आवास में घुसकर गोलीबारी की थी।जिसमें उनके परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद से राज्य की सियासी गलियारों में भूचाल आ गया था।उक्त घटना में जदयू के विधायक अमरेंद्र पांडे उर्फ पप्पू पांडे तथा उनके अग्रज सतीश पांडे समेत कई अन्य अभियुक्त बनाए गए थे।उस मामले में बाहुबली सरगना सतीश पांडे तथा उनके जिला परिषद अध्यक्ष पुत्र मुकेश पांडे अभी भी जेल में बंद है।उस घटना के बाद विपक्ष ने जदयू विधायक पप्पू पांडे की गिरफ्तारी के लिए जबरदस्त हंगामा मचाया था।हालांकि विधायक पप्पू पांडे इस मामले में गिरफ्तार नहीं किए जा सके हैं।आज फिर गोपालगंज में राजद कार्यकर्ता पर हुई फायरिंग ने स्थानीय प्रशासन को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है।


