October 24, 2026

गया : जंक्शन पर मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरा, ट्रैक बाधित होने से कई ट्रेनें प्रभावित

गया । गया जंक्शन पर एक मालगाड़ी का इंजन अचानक पटरी से उतर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ लेकिन ट्रैक बाधित होने से गया-पटना मेमू, भभुआ-पटना इंटरसिटी सहित कई ट्रेनें रोकनी पड़ीं।

शुक्रवार की सुबह में साढ़े तीन बजे के करीब यह हादसा हुआ। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे का राहत दल मौके पर पहुंच गया।

कई उच्चाधिकारियों ने भी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी पर चावल लोड था। सात नंबर प्लेटफार्म पर आने के दौरान आखिरी प्वाइंट पर इंजन के छह पहिए ट्रैक से उतर गए।

ट्रैक बाधित होने से गया-पटना मेमू, भभुआ-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। इस ट्रेनों के अपने गंतव्य स्थान पर देर से पहुंचने की आशंका है।

अधिकारियों की देखरेख में बेपटरी हुए मालगाड़ी इंजन को वापस पटरी पर लाने का काम तेजी से चलाया गया। ताकि ट्रैक खाली किया जा सके। इस बीच अन्य ट्रेनों को दूसरे प्लेटफार्म से चलाने की व्यवस्था की गई।

You may have missed