February 13, 2026

छपरा में बालिका गृह से पांच लड़कियां फ़रार होने के लिए तीसरी मंजिल से कूदी; एक घायल, चार भागी

छपरा। सारण जिले छपरा के बालिका गृह से पांच लड़कियों के फ़रार होने का मामला सामने आया है। भागने के क्रम में 16 साल की एक लड़की गंभीर रूप से चोटिल हो गई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पहले छपरा सदर अस्पताल भेजा गया। वहां से पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। सभी लडकियां बालिका गृह के तीसरे तल्ले से खिड़की का ग्रिल खोलकर दुपट्टे के सहारे उतरकर फरार होने की कोशिश कर रही थीं। उत्तरने के दौरान ही एक लड़की दूसरे मंजिल से गिर गई। उसे सिर में चोट लगी है। घटना बुधवार सुबह 7 बजे के करीब की है। बालिका गृह मुफस्सिल थाना के साढ़ा दुधही पुल के पास है। फिलहाल पुलिस और जिला प्रशासन के पदाधिकारी लड़कियों की खोजबीन में जुटे हुए हैं। हालांकि 3 घंटे बाद 3 लड़कियों को बरामद कर लिए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन कोई पुष्टि नहीं कर रहा है। राजकीय बालिका गृह की अधीक्षक फ़रहत दुरानी ने बताया कि सभी लडकियां खिड़की का ग्रिल तोड़कर छत के सहारे दुप्पटा और शॉल को बांधकर छत से नीचे उतरी हैं। उसी दौरान एक युवती गिर गई। अन्य चार युवतियां भाग निकली। भागने वालों में छपरा, सीवान और वैशाली की युवतियां थी। सभी नाबालिग हैं। कहा कि मामले की जानकारी लड़की के गिरने के बाद आई आवाज से हुई। कर्मचारियों ने घायल लड़की को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। भागने की सूचना के बाद मुफ्फसिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर करवाई शुरू की गई। फिलहाल सदर एसडीओ और डीएसपी सभी मामलों और पहलुओं पर गहनता से जांच कर रहे हैं।

You may have missed