February 12, 2026

ये क्या ‘गिरिराज सिंह के पेट में है कीड़ा’,इलाज करवाएं प्रधानमंत्री मोदी,नीतीश सरकार के मंत्री ने किया प्रहार

पटना।बिहार में नागरिकता संशोधन विधेयक एवं एनआरसी के मुद्दे पर सत्ताधारी राजग गठबंधन के दोनों प्रमुख घटक दल भाजपा तथा जदयू के नेताओं के बीच जुबानी नूरा कुश्ती का दौर कायम है।अक्सर केंद्र या राज्य के राजनीतिक- सामाजिक मसलों पर भाजपा-जदयू के बयानवीर नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी रहती है। इस बार नीतीश सरकार के मंत्री श्याम रजक ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को निशाने पर लेते हुए बयानों के तीर बरसाए हैं।नागरिकता संशोधन विधेयक पर जदयू ने बीजेपी को अपना समर्थन तो दे दिया, लेकिन अब एनआरसी के मुद्दे पर दोनों दलों के बीच विवाद देखने को मिल रहा है।एनआरसी के विषय पर दोनों पार्टियों के बीच टकराव उत्पन्न हो गया है।संसद से नागरिकता संशोधन बिल पारित होने के बाद केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह पटना पहुंचे। इस दौरान मीडिया ने एनआरसी को लेकर गिरिराज से प्रश्न पूछा।जिस पर उन्होंने कहा कि पूरे देश के साथ-साथ बिहार में भी एनआरसी लागू होगा।गिरिराज के इस बयान पर अब नीतीश सरकार के मंत्री और जदयू नेता श्याम रजक ने उन पर तीखा हमला बोला है। गिरिराज सिंह पर प्रहार करते हुए कहा श्याम रजक ने कहा कि ‘गिरिराज सिंह अपना विभाग ठीक से देखते नहीं हैं।लगता है कि पटना पहुंचते ही गिरिराज सिंह के पेट के अंदर का कीड़ा कुलबुलाने लगता है।श्याम रजक यहीं नहीं रूके, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग करते हुए कहा कि वो गिरिराज सिंह के कीड़े का इलाज जल्द से जल्द कराएं।उन्होंने कहा कि ‘गिरिराज सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सिरदर्द हैं और वो जल्द अपने सिर दर्द का इलाज करें।’श्याम रजक ने एनआरसी के मुद्दे पर जदयू का राग दोहराते हुए कहा कि किसी भी हालत में बिहार में एनआरसी लागू नहीं होगी।हालांकि सीएबी पर संसद में सरकार के पक्ष में वोटिंग करने वाली जदयू को आखिर एनआरसी के मामले पर अंततः क्या फैसला करना पड़ेगा।यह अब तक संशय का विषय है।ऐसा इसलिए माना जा रहा है क्योंकि धारा 370 एवं सीएबी के मामले पर भी जदयू के स्टैंड भाजपा से अलग थी मगर अंततः जदयू को विचार करना पड़ा।

You may have missed