बगहा में एक घर से 24 कोबरा सांप मिलने से हडकंप; सभी को किया गया रेस्क्यू, 60 अंडे भी मिले

बगहा। बगहा में एक घर से तकरीबन 24 कोबरा सांप मिले हैं। मधुबनी पंचायत के वार्ड नंबर पांच निवासी मदन चौधरी के घर की सीढ़ी के नीचे सांपों ने अपना डेरा जमाया था। सांपों के साथ तकरीबन 50 से 60 सांपों के अंडे को भी वहां से निकाला गया है। बताया जा रहा कि घर की सीढ़ी के नीचे ड्रेसिंग टेबल रखा गया था। इसी टेबल के नीचे सांपों ने अपना डेरा बना लिया था। सांपों का रेस्क्यू शुक्रवार रात तक चला। घर के बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक सांप उनके नजदीक से गुजरा। सांप को देखकर बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। स्थानीय लोग पहुंचे और सांप को निकालने में जुट गए। सांप तेजी से ड्रेसिंग टेबल के नीचे जाकर घुस गया। स्थानीय लोगों ने ड्रेसिंग टेबल हटाने पर तीन से चार की संख्या में कोबरा सांप को देखा। लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फिर स्थानीय सांप पकड़ने वाले नेटूआ को बुलाया गया। सूचना पर पहुंचे नेटूए ने सांपों का रेस्क्यू शुरू किया। जैसे ही रेस्क्यू शुरू हुआ, वहां मौजूद लोग दंग रह गए। एक के बाद एक तकरीबन 12 सांप और उनके बच्चों का स्नेक कैचर ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। इतना ही नहीं करीब 50 से 60 अंडों को भी सांपों के घरों से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू शुक्रवार की रात तक चलता रहा। इधर, इतनी बड़ी संख्या में सांपों को देखकर घर के साथ-साथ पड़ोसी भी डर गए। घरवाले तो डर से घर में सोए तक नहीं। बताया जा रहा है कि कोई भी मेल सदस्य घर पर नहीं है। सभी लोग बाहर कमाने गए हैं। घर पर केवल महिलाएं और एक वृद्ध के साथ बच्चे रह रहे हैं।
गंडक के किनारे छोड़े गए सांप
नेटूए द्वारा रेस्क्यू किए गए सांपों को प्लास्टिक के डिब्बे, प्लास्टिक के बोरे, प्लास्टिक की बाल्टी और पन्नी में भर दिया गया। वहीं सांपों के अंडे को एक पॉलीथिन में रखा गया। इसके बाद गंडक नदी के किनारे नेटूए द्वारा सकुशल सभी सांपों को छोड़ दिया गया है। इधर, इतनी बड़ी तादाद में सांपों के निकलने से लोग हैरान और परेशान हैं।
