गया में बदमाशों ने बंदूक के दम पर रेलवे ड्राइवर को लूटा, इलाके में मची सनसनी

गया। बिहार के गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र में हथियारों से लैस अपराधियों ने मंगलवार की देर रात एक बार फिर रेलवे ड्राइवर को निशाना बनाया है और गोली मारने की धमकी देर लूटपाट की। यह घटना डेल्हा थाना क्षेत्र के खरखुरा सामुदायिक भवन (रेलवे) मंदिर के पास डेहरी ऑन सोन के गांधीनगर-रोड नंबर सात के रहनेवाले सुरेंद्र प्रसाद के बेटे रेलवे ड्राइवर राजीव रंजन के साथ हुई। इस मामले को लेकर पीड़ित रेलवे ड्राइवर राजीव रंजन ने डेल्हा थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित रेलवे ड्राइवर राजीव रंजन ने डेल्हा थाने के दारोगा को बताया है कि वह डेल्हा के खरखुरा स्थित आवास में रहते है और गया रेलवे लॉबी में लोको पायलट (माल) में पोस्टेड हैं। मंगलवार की रात करीब साढ़े तीन बजे ड्यूटी पर हाजिर होने का निर्देश रेलवे अधिकारियों के द्वारा दिया गया। वह आवास से निकल कर जैसे ही खरखुरा सामुदायिक भवन (रेलवे) मंदिर के पास पहुंचे कि पिस्तौल लिये तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और गोली मारने की धमकी देते हुए उनके पास से 14-15 सौ रुपये व मोबाइल फोन सहित अन्य सामान लूट लिया। मोबाइल फोन में रेलवे का सीयूजी नंबर लगा हुआ है। लूटपाट कर तीनों अपराधी वहां से भाग निकले।

तब वह अपने रेलवे कार्यालय पहुंचे और अपने वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इधर, रेलवे ड्राइवर से लूटपाट की शिकायत मिलते ही डेल्हा थाने की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन की। डेल्हा थाना क्षेत्र में रेलवे ड्राइवरों के साथ लूटपाट की घटनाओं के बाद पुलिस के द्वारा केस दर्ज करने में आनाकानी व केस को मिनिमाइज करने से कई पीड़ित रेलकर्मियों ने थाने में केस ही दर्ज नहीं कराया। हाल के दिनों में रेलवे ड्राइवर मंटू राज, रेलवे ड्राइवर संजय कुमार व रेलवे ड्राइवर ऋषि कुमार के भाई सहित कई रेलकर्मियों से लूटपाट हुई है। वहीं, 13 जनवरी की देर रात परैया थाना क्षेत्र के मझियावां गांव के रहनेवाले रेलवे ड्राइवर आतिश राज के साथ भी अपने घर खरखुरा जाने के दौरान लूट की गयी। लेकिन, इन्होंने प्राथमिकी नहीं दर्ज करायी।

You may have missed