BIHAR : गया में महज 12 घंटे में 11 लोगों ने कोरोना से तोड़ा दम, प्रशासन व चिकित्साकर्मियों के बीच हड़कंप
file photo
गया। बिहार के गया जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पूरे जिला में डरावना माहौल बना हुआ है। जिला में बीते दो दिन में 16 लोगों की मौत से प्रशासन व चिकित्साकर्मियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। तमाम कोशिशों के बीच मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की देर रात से लेकर रविवार की दोपहर यानि महज 12 घंटे में 11 लोगों को मौत कोरोना से हो गई है। मरने वालों में 4 महिलाएं हैं। इनमें से 2 औरंगाबाद और एक-एक गया तथा अरवल की रहने वाली थी। पुरुष मृतक गया, जहानाबाद और औरंगाबाद के रहने वाले थे। बता दें शुक्रवार की रात से लेकर शनिवार की शाम तक पांच लोगों की मौत हुई थी।
वहीं शनिवार की रात करीब 12 बजे से पुन: एक-एक कर मरने वालों की संख्या बढ़ने लगी। देखते ही देखते रविवार दोपहर तक मरने वालों की संख्या 11 पहुंच गई। मृतकों के परिजनों को शव सौंपे जाने की कार्रवाई जारी है। साथ ही में जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त अधिकारी भी कोरोना संक्रमण से मरने वाले का अंतिम संस्कार कराने में जुटे हैं।
रक्षा मंत्री की पैरवी भी नहीं बचा सकी जान
बताया जाता है कि गया के नूतन नगर के रहने वाले बलिराम सिंह एसबीआई से सेवानिवृत्त थे। वे नवादा के हिसुआ के सकरा गांव के रहने वाले थे। उनके भाई विजय सिंह भाजपा से चुनाव लड़ा करते थे। इनके दो बेटे हैं। बलिराम सिंह के परिजनों ने इलाज के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तक को फोन कर मदद की गुहार लगाई थी। परिजनों की गुहार पर राजनाथ सिंह की ओर से प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को फोन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के अधीक्षक को फोन किया पर उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने सिविल सर्जन को फोन किया। उनसे बातचीत हुई। शनिवार की रात करीब साढ़े 11 बजे सिविल सर्जन केके राय व उपाधीक्षक बलिराम सिंह को देखने गए। उस समय बलिराम सिंह गंभीर स्थिति में पहुंच गए थे और सुबह होते-होते उन्होंने दम तोड़ दिया।


