नालंदा में गर्भवती ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म; दो की मौत, एक गंभीर

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में तीन बच्चों का जन्म चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला के परिवार वालों ने बताया कि एकंगरसराय के निजी क्लीनिक में महिला ने बच्चों को जन्म दिया है। महिला परबलपुर प्रखंड के विजयपुरा गांव निवासी गुंजन कुमार की वर्षीय पत्नी रूपा कुमारी है। नॉर्मल डिलीवरी में एक साथ तीन बच्चों के जन्म से सदर अस्पताल के सभी लोग काफी खुश नजर आए। तीन शिशुओं में से दो बेटी और एक बेटा शामिल है। वहीं, कुमकुम देवी जो रूपा कुमारी की सास हैं। उन्होंने बताया कि प्रसूता का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था। अल्ट्रासाउंड में बताया गया था कि तीन बच्चों का जन्म होने वाला है। लेकिन जब निजी क्लीनिक में अल्ट्रासाउंड कराए तो उसमें बोला गया था कि जुड़वा बच्चा है।
दो बच्चियों की मौत, बेटे की हालत नाजुक
वहीं जन्म के बाद से ही तीनों बच्चों की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी। लड़के का वजन 1250 ग्राम और दोनों लड़कियों का वजन 1200 ग्राम और 800 ग्राम था। जिसके बाद चिकित्सकों ने तीनों बच्चों को बिहार शरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया था, जहां सभी का इलाज चल रहा था। लेकिन जन्म के कुछ देर बाद ही दोनों बच्चियों ने दुनिया को अलविदा कह दिया। वहीं लड़के की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। बच्चे को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। तीन बच्चों के जन्म से पूरे इलाके में फैली खुशी ज्यादा देर तक टिक ना सकी। अब लोग यही दुआ कर रहे हैं कि महिला का बेटा किसी तरह से बच जाए।
