February 15, 2026

BJP के स्टार प्रचारक गौरव कृष्ण चन्द्र शास्त्री ने ली कांग्रेस की सदस्यता, कहा- BJP संत समाज का इस्तेमाल केवल सत्ता प्राप्ति के लिए करती है

पटना। बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में धार्मिक न्यास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा के स्टार प्रचारक गौरव कृष्ण चन्द्र शास्त्री ने भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा एवं विधानमंडल दल के नेता अजीत कुमार शर्मा ने श्री शास्त्री के साथ संत निकेश चौधरी, धीरज पांडेय, अंजनी चौधरी और उनके समर्थकों को भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराया।
प्रेस वार्ता सह मिलन समारोह में श्री शास्त्री ने कहा कि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र की हत्या हो चुकी है। जनहित में कोई मुद्दा आप दल के अंदर नहीं उठा सकते। भाजपा संत समाज का इस्तेमाल केवल सत्ता प्राप्ति के लिए करती है, उसके बाद उनसे अपने एजेंडे पर काम करने का दबाव बनाती है, जिसे संत समाज हमेशा से नकारता रहेगा। उन्होंने तुष्टिकरण की नीति पर भाजपा के काम करने पर नाराजगी जताई।
प्रेस वार्ता में मोदी सरकार द्वारा बनाये गए तीन कृषि कानूनों को किसान विरोधी करार देते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. झा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्रैक्टर मार्च का समर्थन किया। डॉ. झा ने कहा के अंतिम दम तक किसानों के हक की लड़ाई लड़ेंगे और उनको वाजिब हक दिलाने का प्रयास करेंगे। वहीं अजीत कुमार शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्र की निरंकुश सरकार को आईना दिखाने का काम किया है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय मीडिया चेयरमैन रणदीप सिंह सुरजेवाला और युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बी वी श्रीनिवासन को हिरासत में लिए जाने और राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा को घर में नजरबंद करने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
समारोह में विधायक अफाक आलम, इजहारुल हुसैन, प्रदेश मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट शरवत जहां फातिमा, प्रवक्ता असित नाथ तिवारी, ज्ञान रंजन, स्नेहाशीष वर्धन पांडेय, सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन सौरभ सिन्हा सहित अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।

You may have missed