पटना में गंगा ने धारण किया रौद्र रूप, पुनपुन अपनी सीमा में पहुंची, कोसी का जलस्तर फिर बढ़ा

पटना। गंगा नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। रविवार को बक्सर से कहलगांव तक गंगा नदी पांच जगहों पर लाल निशान से ऊपर चली गई है। मनेर में सोन भी अपनी सीमा को पार कर गया है। राहत की बात यह है कि तीन दिन में ही पुनपुन अपनी सीमा में चली गई है। लेकिन, कोसी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ा है और वह खगड़िया के साथ कटिहार में भी लाल निशान को पार कर गई है। जबकि राज्य में दूसरी नदियों का जलस्तर तेजी से घट रहा है।
गांधी घाट, दीघा, सोन लाल निशान के पार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार में गंगा नदी पांच जगहों पर लाल निशान को पार कर गई है। रविवार को पटना के गांधी घाट में गंगा लाल निशान से 85 सेमी ऊपर बहने लगी है। दीघा में भी आज 26 सेमी ऊपर चढ़कर लाल निशान से 27 सेमी ऊपर बहने लगी है। हाथीदह में 72 तो कहलगांव में 51 सेमी ऊपर बह रही है। अब तक लाल निशान से नीचे बह रहा सोन नद मनेर में छह सेमी ऊपर चढ़ गया है और सोमवार तक इसके जलस्तर में और वृद्धि होने की आशंका है। पुनपुन अब खतरे के निशान से नीचे है। दूसरी नदियों का जलस्तर उतरने की रफ्तार थोड़ी कम हुई है। उधर, बक्सर में इसका जलस्तर 33 सेमी बढ़ा और लाल निशान से 11 सेमी ऊपर चली गई।
राज्य के दूसरी नदियों की बात करें तो कोसी का डिस्चार्ज बराह क्षेत्र में एक लाख तीन हजार और बराज पर एक लाख 27 हजार दर्ज किया गया। यह नदी खगड़िया में अब भी लाल निशान से 112 सेमी ऊपर बह रही है। वहीं कटिहार में भी लाल निशान से 73 सेमी ऊपर चली गई है। गंडक का डिस्चार्ज बाल्मीकिनगर बराज पर 97 हजार घनसेक है और यह नदी गोपालगंज में लाल निशान से 23 सेमी ऊपर बह रही है। बागमती नदी मुजफ्फरपुर में 16 सेमी ऊपर है तो कमला नदी झंझारपुर में 70 सेमी ऊपर बह रही है।

You may have missed