PATNA : बाइक से साथ में जा रहे दोस्त ने पीछे से मारी गोली, हालत चिंताजनक
पटना। राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्रार्न्गत इलाहीबाग में बुधवार की देर रात एक दोस्त ने अपने दोस्त को ही गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली लगते ही शुभम यादव गिर पड़ा। इस बीच गोली मारने वाले उसके अपराधी दोस्त बाइक से भाग निकलने में सफल रहे। गंभीर हालत में शुभम यादव को पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, घायल युवक के खिलाफ भी थाने में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
घटना के बारे में बताया जाता है कि मेहंदी गंज थाना क्षेत्र के बरुआ निवासी शुभम यादव (23) अपने तीन दोस्तों के साथ बाइक से जा रहा था। इसी बीच गोपालपुर थाने के नजदीक पहुंचते ही बाइक से चल रहे एक दोस्त ने शुभम यादव को पीछे से गोली मार दी। गोली लगते ही शुभम यादव सड़क के किनारे गिर पड़ा और तड़पने लगा। उसे तड़पता छोड़ उसके अन्य दो साथी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए और इसकी जानकारी गोपालपुर थाने को दी गई। गोपालपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी ने उसे पास के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
गोपालपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शुभम यादव भी एक अपराधी प्रवृत्ति का युवक है। उसके खिलाफ राजधानी में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस उसकी महीनों से तलाश कर रही थी। गोली मारने के कारण पूछने पर थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के विवाद का मामला हो सकता है। उन्होंने बताया कि शुभम यादव फिलहाल कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। जैसे ही वह कुछ बोलने की स्थिति में आ जाएगा, पुलिस उसका बयान दर्ज करेगी और यह जानने का प्रयास करेगी कि उस पर गोली चलाने वाला कौन-कौन था और किस कारण से उसे गोली मारी गई। पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


