दानापुर अमित हत्याकांड का खुलासा : रुपए के लेनदेन में दोस्त ने की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
पटना। पटना पुलिस ने अमित राय हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। वही इस मामले में एक अपराधी कि गिरफ्तारी हुई है। बताया जा रहा है की रुपए के लेनदेन को लेकर अमित की हत्या हुई थी। बता दे की गिरफ्तार अपराधी डब्लू लोहार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। साथ ही उसने हत्याकांड में शामिल एक अन्य सहयोगी अविनाश उर्फ चिंटू के बारे में जानकारी दी है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वही इस मामले को लेकर दानापुर थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया की गुरुवार शाम को सूचना मिली थी कि बिस्कुट फैक्ट्री मोड़ के अंदर मोदी प्लास्टिक फैक्ट्री के पास एक शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया था। वहीं, देर रात शव की पहचान दीघा थाना क्षेत्र निवासी अमित राय के रूप में हुई थी। अमित की पत्नी रूबी देवी ने दीघा थाना में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था की डब्लू व उसके एक अन्य सहयोगी के साथ अमित गाड़ी से कहीं गया था। वही कॉल करने के बावजूद भी वो फोन नहीं उठा रहा था। जिसके आधार पर अग्रिम अनुसंधान व तकनीकी सहयोग से बास कोठी गेट नंबर 93 से डब्लू लोहार को गिरफ्तार किया गया। डब्लू ने बताया की 2 लाख रुपए की लेनदेन को लेकर अविनाश के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की साजिश रची थी। अमित ने उससे 2 लाख रुपए उधार लिया था। जिसे वह मांग रहा था, लेकिन वह लौटाने का नाम नहीं ले रहा था। जिसके कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। एक गोली डब्लू ने व दूसरी अविनाश ने मारी थी। डब्लू और अविनाश का क्रिमिनल रिकॉर्ड भी रहा है। बता दे की दोनों आरोपी कई मामलों में जेल भी जा चुका है। वहीं, मृतक अमित भी शराब मामले में जेल जा चुका है। हत्या में प्रयुक्त एक गाड़ी भी बरामद कर ली गई है।


